मुरादाबाद: ससुराल में शौचालय नहीं मिला तो विवाहिता ने रहने से किया इंकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। सामाजिक बुराइयों पर प्रहार करने वाली फिल्म स्टार अक्षय कुमार की मशहूर फिल्म टायलेट एक प्रेम कथा का एक और जीवंत उदाहरण सामने आया है। ससुराल में शौचालय व बाथरूम न होने पर विवाहिता ने रहने से इंकार कर दिया। पहले ससुरालियों ने समझाने का प्रयास किया और बाद में ताने भी मारे …

मुरादाबाद,अमृत विचार। सामाजिक बुराइयों पर प्रहार करने वाली फिल्म स्टार अक्षय कुमार की मशहूर फिल्म टायलेट एक प्रेम कथा का एक और जीवंत उदाहरण सामने आया है। ससुराल में शौचालय व बाथरूम न होने पर विवाहिता ने रहने से इंकार कर दिया। पहले ससुरालियों ने समझाने का प्रयास किया और बाद में ताने भी मारे लेकिन विवाहिता ने अपना फैसला बदलने से इंकार कर दिया। विवाहिता और ससुरालियों के बीच रार इस कदर बढ़ी कि मामला नारी उत्थान केंद्र तक पहुंच गया, जहां पर काफी हद तक काउंसलर ने भी विवाहिता का समर्थन किया।

हालांकि पति का कहना था कि पत्नी की बहन उसके खिलाफ भड़काती है, जिस कारण बेवजह तूल दिया जा रहा है। फिर पति ने भरोसा दिया कि वह पत्नी को सुविधा युक्त किराए के मकान में रखेगा। इसके बाद दोनों में समझौता हुआ।


शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कंजरी सराय निवासी शंकर चाट-पकौड़े का ठेला लगाता है। वर्ष 2014 में उसका विवाह भारती के साथ हुआ था। भारती का आरोप है कि भारती जब अपनी ससुराल पहुंची तो मालूम हुआ कि यहां पर शौचालय व बाथरूम नहीं हैं। जिस पर उसने पति से परेशानी के साथ ही नाराजगी जताते हुए निर्माण कराने को कहा। बताते हैं कि पहले पति ने जल्द शौचालय निर्माण करवाने का आश्वासन दिया, हालांकि बाद में वह आना-कानी करने लगा। आर्थिक स्थिति खराब होने का हवाला देते हुए उसने इंकार कर दिया।

बताते हैं कि जिस पर भारती ने ससुराल में रहने से इंकार कर दिया। दो टूक चेतावनी दी कि अगर शौचालय व बाथरूम नहीं बनवाया तो वह नहीं रहेगी। उसके इस फैसले के बाद ससुरालियों से भी अनबन होने लगी। बाद में यह मामला एसएसपी के पास पहुंचा तो उन्होंने इस नारी उत्थान केंद्र भेजा दिया। यहां पर सुलह-समझौते के प्रयास हुए तो पति ने दावा किया पत्नी पहले रहने को तैयार थी लेकिन बाद में अपनी बहन के भड़काने पर उसने यह मुद्दा उठा लिया, जबकि पत्नी शौचालय व बाथरूम न होने के कारण रहने से इंकार करने की बात कह रही थी। काफी प्रयासों के बाद समझौता हुआ कि पति सुविधा युक्त किराए के मकान में पत्नी को रखेगा। काउंसलर एमपी सिंह ने बताया कि समझौते के बाद पति ने गोविन्दनगर में किराए का मकान ले लिया है। दोनों वह वहीं एक साथ रहेंगे।

संबंधित समाचार