Kanpur: सीएमओ ने रात में चौबेपुर सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, गायब मिले फार्मासिस्ट व सुरक्षा कर्मी, कार्रवाई के निर्देश
कानपुर, अमृत विचार। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे है, लेकिन कुछ कर्मियों की वजह से उनका यह सपना पूरा नहीं हो पा रहा है। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था ठीक रहे, इसके लिए सीएमओ काफी प्रयास कर कर रहे हैं। इसलिए जब उन्होंने चौबेपुर में अचानक छापा मारा तो वहां पर स्टाफ गायब मिला।
सीएमओ डॉ.हरीदत्त नेमी शुक्रवार रात 11 बजकर 20 मिनट तक चौबेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, यहां पर डॉक्टर तो मौजूद थे, लेकिन एक फार्मासिस्ट व सुरक्षा कर्मी गैर हाजिर था। इसपर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए, ताकि दोबारा वह ऐसी गलती न कर सके। इसके बाद उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर देखा, इमरजेंसी में मौजूद उपकरणों की जानकारी की और रोगी भर्ती रजिस्टर में रोगियों की संख्या देखी। यहां पर दवाओं की स्थिति देखी। इसके बाद वह 11 बजकर 55 मिनट में शिवराजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
हालांकि यहां पर सीएमओ को डॉक्टर व ड्यूटी में तैनात सभी कर्मी उपस्थित मिले। सीएमओ ने सीएचसी का निरीक्षण किया। मौजूद स्टाफ से सीएमओ ने स्ट्रेचर, मेडिकल उपकरण, दवा आदि की जानकारी की। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में जिनकी ड्यूटी है, अगर वह निरीक्षण के दौरान गायब मिलते है तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। चौबेपुर व शिवराजपुर सीएचसी के बाद जल्द ही दूसरी सीएचसी का औचक निरीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा कर्मियों को भी अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से निभानी चाहिए।
