प्रधानमंत्री मोदी आज आएंगे MP, बागेश्वर धाम में करेंगे कैंसर अस्पताल का शिलान्यास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से मध्यप्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे, जिसके लिए राजधानी भोपाल समेत उनके दूसरे कार्यक्रम स्थल छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम में भी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज दोपहर को बागेश्वर धाम में बनने वाले कैंसर अस्पताल का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे राजधानी भोपाल आएंगे, यहां वे शाम को प्रदेश के सभी भारतीय जनता पार्टी सांसदों, विधायकों एवं पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे।
 
यह चर्चा कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगी। पीएम मोदी कल सुबह राजधानी भोपाल में होने वाले वैश्विक निवेशक सम्मेलन (जीआईएस) का उद्घाटन करेंगे। इस दो दिवसीय आयोजन के अगले दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसमें शामिल होंगे।

इसके पहले कल मोदी ने अपनी एक्स पोस्ट में कहा, “अगले दो दिन मध्यप्रदेश के विकास को समर्पित रहेंगे। इसी कड़ी में कल दोपहर 2 बजे छतरपुर में बागेश्वर धाम मेडिकल एंड साइंस रिसर्च इंस्टीट्यूट की आधारशिला रखूंगा। वहीं 24 फरवरी को भोपाल में सुबह करीब 10 बजे ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का भी शुभारंभ करूंगा।”

मोदी की इसी पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार रात एक्स पर लिखा, ‘‘आदरणीय प्रधानमंत्री जी, आपका दो दिवसीय प्रवास मध्यप्रदेश के लिए शुभ और हम सबको आह्लादित करने वाला है। निश्चित ही आपके आगमन से प्रदेश के विकास एवं प्रगति को नयी ऊर्जा व गति मिलेगी। मध्यप्रदेश के समस्त नागरिकों की ओर से आपका हृदय से आभार!’’

यह भी पढ़ेः Champions Trophy 2025: पाकिस्तान पर लटक रही हार की तलवार, भारत को मिलेगा टिकट टू सेमीफाइनल!

संबंधित समाचार