बरेली का शातिर कासगंज में गिरफ्तार, दिन में ई-रिक्शा चलाकर रात में करता था चोरी, चोर पर 21 मामले हैं दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार: सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बरेली के एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। वह दिन में ई-रिक्शा चलाकर बंद घरों की रेकी करता था और रात में नकब लगाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने चोर के कब्जे से तीन घरों में हुई चोरी का खुलासा किया है। उसके कब्जे से चोरी हुए जेवरात और दस लाख रुपए कीमत का सामान बरामद किया गया है। फिलहाल, पुलिस ने चोर को प्रेस वार्ता के बाद जेल भेज दिया है। गिरफ्तार चोर के खिलाफ बरेली, बदायूं और हाथरस जिलों में 21 मामले दर्ज हैं।

संयुक्त पुलिस टीम ने किया गिरफ्तार
सदर कोतवाली में प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी राजेश भारती ने बताया कि पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने विकास पुत्र बाबूराम निवासी सुभाष नगर गली नंबर… को गिरफ्तार किया है। युवक बहुत ही शातिर किस्म का अपराधी है। वह दिन में ई-रिक्शा चलाकर बंद मकानों की रेकी करता था और रात में मकानों में नकब लगाकर या ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। फरवरी माह में ही चोर ने तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी चुरा ली थी।

इन घरों में की थी चोरी

  • 7 फरवरी 2024 को केए कॉलेज के समीप अधिवक्ता विनोद यादव के घर में चोरी की।
  • 14 फरवरी 2024 को गिर्राज पैलेस वाली गली में सुमित पाठक के घर और उसी दिन उदयपुर कॉलोनी बांकनेर में सूरजपाल के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी को रेलवे रोड से बाइक सहित गिरफ्तार किया है।

चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने चोर के कब्जे से चोरी के जेवरात, एक सिलाई मशीन, सब्बल सहित कुल दस लाख रुपए का सामान बरामद किया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि वह दिन में ई-रिक्शा चलाकर बंद मकानों की तलाश करता था और रात में करीब 2 बजे के बाद अकेले ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

चोर के खिलाफ बरेली, बदायूं और हाथरस में 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एएसपी ने बताया कि शातिर चोर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें- कासगंज और एटा के दौरे पर पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ने किए भगवान वराह के दर्शन

संबंधित समाचार