कानपुर में सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी ने लगाया आरोप; बेटी, दामाद और पौत्रवधू ने हड़पे जेवर-नकदी, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी ने अपनी बेटी, दामाद और पौत्र वधू पर उनकी नकदी और जेवरात हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने डीसीपी पूर्वी के आदेश पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

मंगला विहार निवासी 82 वर्षीय सूरजबलि सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी हैं। उनके अनुसार वह अपने बेटे अनिल, बहू अंजू पौत्री सूर्यांशी, पौत्र सौरभ और पौत्र वधू शिवांगी उत्तम के साथ रहते थे। वर्ष 2023 में बेटी अनीता उत्तम और दामाद राजकुमार उत्तम के भड़काने पर पौत्र वधू उनसे रोजाना विवाद करने लगी। 

इस पर सूरजबलि अपनी पत्नी रामकली के साथ बेटी के घर रामादेवी में रहने चले गए। वे अपने सारे कागजात और जेवर भी ले गए थे। सूरजबलि ने बताया कि कुछ दिन बाद बेटी और दामाद भी विवाद करने लगे जिस पर वह अपनी पत्नी के साथ 26 दिसंबर 2024 को वापस अपने घर आ गए। लेकिन नकदी और जेवरात और कागजात सब बेटी के घर पर छोड़ आए थे। 

कुछ दिनों बाद वे अपने कागजात समेत जेवरात लेने पहुंचे तो बेटी अनीता ने कहा कि कुछ जेवरात पौत्र वधू शिवांगी ले गई है। उन्हें जानकारी हुई कि उनके खाते से रुपये भी निकाले गए हैं। दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर उनके सभी कागजात में बेटी ने खुद को नॉमिनी बना लिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- आई परीक्षा की घड़ी, बच्चे न करें हड़बड़ी: कानपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा आज से शुरू, 24 घंटे कंट्रोल रूम से निगरानी

संबंधित समाचार