Kanpur में दिव्यांग वृद्धा के मकान पर कब्जा: विरोध पर धमकाया, आरोपियों ने मांगी पांच लाख की रंगदारी, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में एक दिव्यांग वृद्धा के मकान पर ठेकेदार समेत उसके एचएएल कर्मी साथी पर दुकान खोलने के बहाने कब्जा करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने धमकाते हुए पांच लाख की रंगदारी मांगी। जिस पर पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।  
    
सिविल लाइंस के सरसैया घाट निवासी 75 वर्षीय दिव्यांग मंजूरानी त्रिवेदी के अनुसार पति की मौत के बाद वह अपनी बेटी प्रेरणा त्रिवेदी के साथ रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ वर्ष पहले उन्होंने दहेली सुजानपुर में एक प्लॉट खरीदा था। जिसके निर्माण का ठेका उन्होंने दहेली सुजानपुर निवासी प्रदीप उत्तम उर्फ पिंटू को दिया था। रोजी रोटी के लिए उन्होंने मकान में दुकानों को भी बनवाया। जिसमें से दो दुकानें प्रदीप के मित्र कोयला नगर निवासी एचएएल कर्मी रमाकांत सिंह ने किराएदारी के अनुबंध पत्र के साथ ले ली। पीड़िता मंजूरानी ने बताया कि अक्टूबर 2021 में उन्होंने भी अपने प्लॉट में एक बेकरी की दुकान खोली। 

दुकान में बैठने पर उन्हें ज्ञात हुआ कि प्रदीप और रमाकांत ने पूरे मकान पर कब्जा कर रखा है और लोगों से वे उनका मकान होने की बात कहते हैं। फिर 30 सितंबर 2024 को किराएदारी अनुबंध समाप्त होने पर उन्होंने आरोपियों से दुकान खाली करने को कहा। इस पर आरोपियों ने पूरे मकान पर कब्जा कर ताला डाल दिया। इसके विरोध पर आरोपी धमकाने लगे। आरोप है, कि उनसे पांच लाख की रंगदारी मांगी। जिससे तंग आकर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर चकेरी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- Kanpur में व्यापारी नेता की पत्नी से लूट का मामला: दो शातिर गिरफ्तार, पुलिस ने लूटा हुआ नकदी और पर्स किया बरामद

 

संबंधित समाचार