बहराइच: बाइक सवार पिता-पुत्र पर पलटी बालू लदी ट्रॉली, पुलिस ने जेसीबी से निकलवाया बाहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। गोंडा जिला निवासी पिता-पुत्र बेटी के रिश्ता के लिए बाइक से बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र में आए थे। वापस जाते समय बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पिता पुत्र पर पलट गई। जिसके चलते दोनों दब गए। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दोनों को बाहर निकलवाया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोंडा जिले के थाना परसपुर थाना के ग्राम सकतपुर निवासी कृष्ण गोपाल (70) अपनी पोती के विवाह के लिए रिश्ते की खोज करने के लिए अपने बेटे रविकांत (40) के साथ जिले के बौंडी थाना क्षेत्र में आए थे। बाइक सवार पिता पुत्र रिश्ता देखने के बाद सोमवार शाम को वापस अपने घर गोंडा जा रहे थे। 

बौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम जैतापुर के पास शाम चार बजे के आसपास पहुंचे। तभी बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बाइक पर ही पलट गई। बालू के नीचे पिता पुत्र दबकर गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दोनों को बाहर निकलवाया। 

इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष सूरज कुमार राणा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बाइक ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबे थे। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें:-संविदा कर्मियों के लिए खुशखबरी: बढ़ेगा वेतन, मुख्यमंत्री योगी ने किया ऐलान, सपा पर लगाया यह आरोप 

संबंधित समाचार