शाहजहांपुर: गन्ना क्रय सेंटर के पास दिनदहाड़े तमंचे के बल पर दो लोगों से लूट

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सेहरामऊ दक्षिणी, अमृत विचार। गौरिया गन्ना क्रय सेंटर के पास मंगलवार दिन दहाड़े लुटेरों ने तमंचों के बल पर दो लोगों के पास से नकदी और मोबाइल लूट लिया। शोर शराबा करने पर लोग आ गए, जिन्हें देखकर लुटेरे फायरिंग करते हुए बाइक से भाग गए। लुटेरों के साथ एक महिला भी बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर घेराबंदी करते हुए लुटेरों को पकड़ने की कवायद तेज कर दी है।

गांव तोनी निवासी विवेक कुमार मंगलवार को दिन के करीब दो बजे स्कूली बच्चों को उनके घर छोड़ने अपने ई-रिक्शा पर लेकर फिरोजपुर की तरफ जा रहा था। रास्ते में गौरिया गन्ना क्रय सेंटर से कुछ दूरी पर खड़े चार व्यक्तियों तथा एक महिला ने गांव से पहले ही रोकते हुए जेब से चार हजार रुपये की नकदी लूट ली और उसी समय पीछे से आए फिरोजपुर निवासी स्वदेश कुमार शर्मा जो कि मंगलवार दोपहर को बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा कहेलिया के खाते से 51 हजार सात सौ रुपये निकालकर लौट रहा था, उसे भी लुटेरों ने रोक लिया और उसके पास से लुटेरों ने बैंक से निकाली गई रकम व पहले से ही जेब में पड़े चार हजार रुपये  और मोबाइल लूट लिया। 

जेब से रुपयों के निकालने पर स्वदेश कुमार शर्मा ने शोर शराबा मचाना शुरू करते हुए विरोध किया, तो लुटेरों ने खेतों में मौजूद ग्रामीणों को अपनी तरफ आते हुए देखकर तमंचे से फायरिंग कर दी और बाइकों पर सवार होकर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर प्रयांक जैन, सेहरामऊ दक्षिणी और रोजा इंस्पेक्टर भी दल बल के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: कटरा में राज्यरानी एक्सप्रेस से गिरकर बरेली के युवक की मौत

संबंधित समाचार