कासगंज: ताले की चाबी बनाने वाले युवक ने खोली चलती फिरती अवैध शस्त्र फैक्ट्री, दो गिरफ्तार
कासगंज, अमृत विचार: गंजडुंडवारा थाना पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। दो फैक्ट्री संचालकों को गिरफ्तार कर मौके से बने-अधबने तमंचों के अलावा भारी मात्रा में शस्त्र बनाने वाले उपकरण और चार हजार रुपए की नकदी बरामद की है। पुलिस ने प्रेसवार्ता के बाद दोनों संचालकों से पूछताछ कर जेल भेज दिया है। युवक दो हजार रुपये से ढाई हजार रुपये तक की कीमत में तमंचों की बिक्री करते थे। पुलिस उनसे तमंचा खरीदने वाले युवकों की तलाश भी कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले भर में अवैध शस्त्रों के निर्माण और तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 25 फरवरी की रात गंजडुंडवारा पुलिस ने बनैल गांव के जंगल में लगे यूकेलिप्टस के बाग में छापा मारा। पुलिस ने घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके नाम एवन सिंह निवासी मुहल्ला गोविंदपुरी और पंकज उर्फ प्रशांत निवासी बनैल थाना गंजडुंडवारा हैं।
पुलिस ने मौके से चार बने-अधबने तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खाली खोखे के अलावा भारी मात्रा में शस्त्र बनाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही उनके कब्जे से चार हजार रुपए की नकदी भी बरामद हुई है। एएसपी ने बताया कि एवन गांव-गांव घूमकर ताले की चाबी बनाने का काम करता था। बाद में उसने चलती-फिरती फैक्ट्री खोलकर अवैध शस्त्र तैयार करने शुरू कर दिए। वह तमंचे तैयार कर दो हजार रुपये से ढाई हजार रुपये तक की कीमत में बेचता था। उन्होंने यह भी बताया कि इनके द्वारा जहां-जहां असलहों की सप्लाई की गई है, उनके नाम चिह्नित किए जा रहे हैं। उन्हें भी गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
ये सामान हुआ बरामद
2 अवैध तमंचे (315 बोर चालू हालत में), 2 अधबने तमंचे, 4 जिंदा कारतूस (315/12/.32 बोर), 2 खाली खोखा कारतूस (315/12 बोर), 4 हजार रुपये नकद।
शस्त्र बनाने के उपकरण- 1 पकड़ मशीन लोहा, 1 सिकंजा, 1 बट्ट लोहा, 1 धौंकनी, 2 हथौड़े (छोटे-बड़े), 6 सुम्मी, 5 छैनी, 2 रेती, 3 ब्लेड, 1 सरौता (सडांसी), 1 गोल रेती, 9 स्प्रिंग, 10 डिमरी, 7 चोवा, 10 पत्ती, 3 बट, 2 पाइप, 1 अधबनी नाल (12 बोर), 1 तेल की शीशी, 9 अधबनी हैमर पत्ती, 5 वर्मा लोहा, 1 छल्ला लोहा, 1 सुआ लोहे का, 1 हैमर पत्ती लोहा, 1 टॉर्च, 3 लकड़ी के टुकड़े, कोयला लकड़ी (करीब एक किलोग्राम)।
यह भी पढ़ें- कासगंज: शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, जलाभिषेक को लगी भक्तों लाइनें
