Kanpur: महाशिवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, मंदिरों में जगह-जगह रुद्राभिषेक, पुलिस आयुक्त ने जांची सुरक्षा व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर खेरेश्वर सरैया घाट एवं शिव मंदिरों में श्रद्धा का जन सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने मंगलवार रात से ही खेरेश्वर मंदिर प्रांगण एवं गंगा घाट पर जगह-जगह डेरा डाल दिया था। वहीं कावड़िये देर रात से ही स्नान करके कांवड़ भरकर खेरेश्वर दूधेश्वर बानेश्वर लोधेश्वर आदि स्थानों के लिए रवाना हो चुके थे। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को भगवान शिव ने  वैराग्य छोड़कर पार्वती के साथ विवाह किया था शिवरात्रि के दिन पूजन करने का विशेष महत्व होता है पूरी रातशिव पार्वती की पूजा करने का विधान है भक्तों को इसका विशेष फल भी मिलता है

बुधवार भोर पहर से ही महिला एवं पुरुष भक्त गंगा स्नान करने पहुंच गए थे व हर हर महादेव बम बम भोले का जय घोष करते हुए गंगा में श्रद्धापूर्वक आस्था की डुबकी लगाई। उसके उपरांत गंगा तट पर उपस्थित शिव मंदिरों खेरेश्वर दूधेश्वर भूतेश्वर अश्वत्थामा मंदिर आदि में जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा, अच्छत, चंदन, पुष्प, मिष्ठान आदि अर्पित करके शिव पार्वती से अपनी मनोकामना सिद्धि हेतु विधिवत पूजा अर्चना की व मेला परिसर में घूम कर खरीददारी भी की। अपार भीड़ को देखते हुए वाहनों को गंगाघाट से 4 किलोमीटर पहले ही इधर-उधर खड़ा करा दिया गया था। श्रद्धालु पैदल ही गंगा स्नान करने जा रहे थे।

इसी बीच पुलिस आयुक्त अखिल कुमार डीसीपी राजेश कुमार सिंह एडीसीपी विजेंद्र द्विवेदी एसीपी अमरनाथ थाना प्रभारी अमान सिंह सहित खेरेश्वर मंदिर एवं गंगा तट पर व्यवस्थाएं देखने पहुंचे व जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। गंगा घाट से मंदिर परिसर तक भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जगह-जगह महिला पुलिस को भी तैनात गया था। जिससे महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। 

वहीं गंगा तट पर गोताखोर एवं नाविकों को भी तैनात किया गया था। गंगा स्नान के लिए संकेतक भी लगाए गए थे। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए कई जगह बैरियर भी लगाए गए व ट्रैफिक डायवर्जन भी किया गया। गंगा स्नान करने वालों का रेला शाम तक चलता रहा व पूरे रास्ते हर हर बम बम महादेव के जयघोष करते हुए भक्त श्रद्धा एवं आनंद के साथ शिवरात्रि का पर्व मनाते हुए जा रहे थे। वही रास्ते में समाजसेवी संजय गुप्ता, बिरजू मिश्रा और अनिल शर्मा द्वारा श्रद्धालुओं को बिस्किट पानी और भंडारा वितरण किया गया।

यह भी पढ़ें- कानपुर में ऑटो पलटने से चालक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम, लगाया हत्या का आरोप

 

संबंधित समाचार