कानपुर में शादी वाले घर में घुसकर चोरों ने पार किया सात लाख का माल: पीड़ित के उड़े होश
सचेंडी थानाक्षेत्र में मंगलवार देर रात हुई घटना, पुलिस ने की जांच
कानपुर, अमृत विचार। सचेंडी थानाक्षेत्र में मंगलवार देर रात खेत में बने मकान में घुसकर चोर सात लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। घर में शादी के लिए जेवर व नकदी रखी हुई थी। बुधवार सुबह सामान अस्त व्यस्त दिखा को पीड़ित परिवार ने थाने जाकर घटना की जानकारी देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
चंद्रहसपुर गांव निवासी चंद्रशेखर और उनके भाई अरविंद ने खेत में ही अगल-बगल मकान बनाया है। दोनों परिवार काफी समय से रह रहे हैं। रविवार को चंद्रशेखर की शादी थी। विदाई के बाद ज्यादातर मेहमान अपने घर चले गए। शादी के कार्यक्रम और मेहमानों का आना-जाना 25 फरवरी तक चलता रहा। मंगलवार पूरा परिवार थका हुआ था।
इस कारण गहरी नींद में सो गया। उसी दौरान देर रात चोर घर में घुस आए और घटना को अंजाम देकर भाग निकले। बुधवार की सुबह जब बेटा गोपाल उठा तो एक बक्सा खुला मिला वहीं दूसरा बक्सा गायब था। वहीं अन्य सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। गोपाल ने आवाज देकर परिवार के अन्य लोगों को उठाया और जानकारी दी।
परिजनों ने उठकर गायब बक्से की तलाश शुरू की तो घर से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर खेत में बक्सा मिला। उसका कुंडा टूटा हुआ था और सारा सामान खेत में बिखरा हुआ था। परिजनों के अनुसार बक्से में करीब 1.10 लाख रुपये, पत्नी और बहू ज्योति के लगभग छह लाख रुपये के जेवर गायब थे।
भाई अरविंद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वाड के साथ जांच की। खोजी कुत्ता घटनास्थल से खेतों में पड़े बक्से को सूंघता हुआ सोना रेलवे क्रॉसिंग के पास जाकर लौट आया। इस संबंध में सचेंडी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।
