Kanpur: सड़क किनारे खड़े वृद्ध दंपति को कार ने मारी टक्कर, पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर, हैलट रेफर
कानपुर, अमृत विचार। महाराजपुर थानाक्षेत्र में दवा लेने के बाद लौटकर सड़क किनारे खड़े वृद्ध दंपति को तेज रफ्तार कार सवार ने टक्कर मार दी। इससे हादसे में दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर चालक कार छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों की हालत गंभीर देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान वृद्ध की सांसे थम गईं वहीं पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हादसे के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है।
महाराजपुर के रहनस गांव निवासी 65 वर्षीय चीखम खेती किसानी करते थे। परिवार में पत्नी विमला देवी के साथ संजय, नीशू, मनीष के अलावा मोनू बेटे हैं। वहीं पांच बेटियां है। बड़े बेटे संजय ने बताया कि रविवार देर शाम पिता अपनी दवा लेने के लिए मां विमला के साथ घर के पास स्थित निजी अस्पताल गए थे। यहां से वह हाईवे पार कर आरके स्कूल के पास किनारे खड़े थे। इस दौरान कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को सीधे टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की अफरातफरी में पकड़े जाने के डर से चालक भाग निकला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर दोनों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत बिगड़ने पर दोनों को हैलट रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान डॉक्टर ने चीखम को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि वृद्धा विमला के कमर और पैर की हड्डी टूट गई है, उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में महाराजपुर इंस्पेक्टर संजय पांडेय के अनुसार कार कब्जे में ली गई है, चालक का पता लगाया जा रहा है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
