बाराबंकी में पुलिस मुठभेड़, 2 साल की बच्ची के अपहरणकर्ता को पैर में गोली मारकर पकड़ा
बाराबंकी. अमृत विचार। बाराबंकी में पुलिस ने एक बच्ची के अपहरणकर्ता को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। थाना लोनीकटरा पुलिस टीम गश्त के दौरान नेरा कबूलपुर अंडरपास पर पहुंची। वहां एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी।
बाराबंकी अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान अंकज उर्फ बुद्धू के रूप में हुई। वह मेंहदीपुर मजरे भिलवल का रहने वाला है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 12 बोर, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि अंकज ने 19 फरवरी को थाना लोनीकटरा क्षेत्र से एक दो साल की बच्ची का अपहरण किया था। बच्ची को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया था, लेकिन आरोपी फरार हो गया था। इस मामले में थाने में मुकदमा दर्ज था और आरोपी की तलाश की जा रही थी।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: पुलिस के सामने ही पति ने दांत से काटी पत्नी की नाक, शिव बारात जुलूस से बच्चों को बुलाने गई थी महिला
