संभल की जामा मस्जिद में रंगाई पुताई होगी या नहीं? आज फैसला सुनाएगा हाईकोर्ट
संभल, अमृत विचार। संभल की जामा मस्जिद में रंगाई पुताई होगी या नहीं यह आज तय हो जाएगा। रंगाई पुताई की इजाजत देने को लेकर दायर याचिका पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय आज सुनवाई करेगा।
जामा मस्जिद कमेटी की ओर से 25 फरवरी को यह याचिका इलाहाबाद उच्च न्यायालय में दायर की गई थी। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने इस मामले में सरकार से अपना पक्ष रखने को कहा था और सुनवाई के लिए आज यानि गुरुवार का दिन तय किया था। जामा मस्जिद कमेटी ने 10 दिन पहले जिला प्रशासन को अर्जी देकर रंगाई पुताई की इजाजत मांगी थी। लेकिन जिला प्रशासन ने यह कहते हुए इजाजत देने से इनकार कर दिया था की जामा मस्जिद पुरातत्व विभाग द्वारा संग्रहीत इमारत है ऐसे में वहां रंगाई पुताई या अन्य किसी कार्य की इजाजत पुरातत्व संरक्षण विभाग ही दे सकता है।
इसके बाद जामा मस्जिद कमेटी ने पुरातत्व संरक्षण विभाग को अर्जी भेजी। वहां से कोई जवाब मिलता इससे पहले ही उच्च न्यायालय में अपनी मांग को लेकर याचिका दायर कर दी। एक तरफ जहां आज इस मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय का फैसला आना है वहीं संभल में हिंदू संगठन यह कहते हुए मस्जिद में रंगाई पुताई का विरोध कर रहे हैं कि यह परिसर में मौजूद मंदिर के साक्ष्य मिटाने की साजिश है।हिंदू संगठनों ने बुधवार को देर रात अपनी मांग को लेकर संभल में पैदल मार्च निकाला और कोतवाली में प्रदर्शन किया था।
ये भी पढ़ें : संभल : जामा मस्जिद की रंगाई पुताई के खिलाफ हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन
