कानपुर में नगर निगम की पहल: रमजान में मुस्लिम कर्मचारी बस इतने बजे तक करेंगे ड्यूटी, कर्मियों में खुशी की लहर
कानपुर, अमृत विचार। रविवार या सोमवार से रमजान-उल-मुबारक शुरु हो जाएगा जिसकी तैयारियां जोरों से चल रही हैं। नगर निगम ने तय किया है कि रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारियों को शाम 4.30 बजे छुट्टी दे दी जाएगी। ये पहला मौका है जब नगर निगम ने रोजेदारों को इस प्रकार की रियायत दी है।
नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि नगर निगम में जो भी मुस्लिम कर्मचारी हैं, उन्हें रमजान तक शाम 4.30 बजे छुट्टी दे दी जाएगी। लेकिन इसके लिए संबधित कर्मचारियों को अपने विभागाध्यक्ष को सूचित करना होगा। इस आदेश से मुस्लिम कर्मियों में खुशी की लहर है।
उधर बुधवार को हलीम ग्राउंड पर होने वाली सबसे बड़ी तरावीह की तैयारियां देखने के लिए सीसामऊ की विधायक नसीम सोलंकी, तरावीह की व्यवस्था संभालने वाली तहरीक सलात के चेयरमैन मोहम्मद शकील कुरैशी, एमएमए जौहर फैंस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जफर हयात हाशमी आदि ने हलीम ग्राउंड पर तैयारियों का जायजा लिया।

क्षेत्रीय पार्षद लियाकत अली ग्राउंड को जेसीबी से समतल करा रहे हैं। हलीम ग्राउंड पर 6 रमजान को तरावीह खत्म होगी। इस दौरान डॉ शहनवाज, इमरान शानू, फरहान कुरैशी, दानिश मोईन, नसीम, हाजी नसीम, जीशान रिजवी, जाने आलम, महताब कुरैशी, आफताब कुरैशी आदि मौजूद रहे। उधर, शहरकाजी समेत उलेमा ने रोजेदारों को शरई जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन बनाई है।
शनिवार को चांद दिखा तो रविवार को पहला रोजा
यदि शनिवार की शाम को चांद दिखाई दिया तो शनिवार को ही इशा की नमाज के बाद रात 8 बजे शहर के लगभग 500 स्थानों पर तरावीह की नमाज शुरु हो जाएगी। शनिवार को चांद नहीं दिखा तो रविवार की रात में तरावीह शुरु हो जाएगी और सोमवार को पहला रोजा होगा।
ये भी पढ़ें- कानपुर में बस ने बच्चे को मारी टक्कर...मौत; गुस्साये ग्रामीणों ने किया हंगामा, मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे
