बहराइच: हाथ की मेहंदी छूटने से पहले दुल्हन हुई विधवा, पति का फंदे से लटकता मिला शव, आंखें हैं गायब, 18 फरवरी को हुई थी शादी
बहराइच, अमृत विचार। बहराइच जिले के झाला पृथ्वीपुरवा गांव निवासी एक युवक नित्य क्रिया की बात कहकर पांच दिन पूर्व घर से चला गया। बुधवार को उसका शव जंगल उसी के शर्ट से लटकता मिला। मृतक की शादी भी 18 फरवरी को हुई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झाला के मजरा पृथ्वीपुरवा गांव निवासी अशोक कुमार (24) पुत्र छोटेलाल 22 फरवरी को घर से नित्य क्रिया की बात कहकर दोपहर में चला गया था। लेकिन वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया। वहीं घर के लोग युवक की तलाश कर रहे थे।
बुधवार शाम को कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बेलहन जंगल में पेड़ से शव लटकता मिला। इस पर परिवारीजन रोने लगे। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर शव नीचे उतरवाया। शव के दोनों के आंख और कान क्षतिग्रस्त थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष आरके पांडेय ने बताया कि युवक का शव उसी के शर्ट से फंदे से लटकता मिला। युवक ने फंदा लगाकर जान दी है। उन्होंने बताया कि आंख और कान को शायद कौआ या गिद्ध ने नोचा है।
18 फरवरी को हुई थी शादी
मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झाला पृथ्वीपुरवा गांव निवासी अशोक कुमार की इसी 18 फरवरी को शादी हुई थी। बड़े भाई लालता प्रसाद ने बताया कि घर पर पत्नी मौजूद है। कैसे और किस कारण ऐसी घटना हुई है, अभी कोई जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: पुलिस के सामने ही पति ने दांत से काटी पत्नी की नाक, शिव बारात जुलूस से बच्चों को बुलाने गई थी महिला
