लखीमपुर खीरी: पूर्व प्रधान के बेटे पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज, सीओ करेंगे विवेचना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी/बेहजम, अमृत विचार: किशोरी के साथ उसके घर में रंगरलियां मनाते पकड़े गए थाना मितौली क्षेत्र के एक गांव निवासी पूर्व प्रधान के बेटे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट भी लगाया है। प्रकरण की जांच सीओ को सौंपी गई है।

थाना नीमगांव के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी बुधवार को घर पर अकेली थी। उसकी मां किसी काम से बाहर गई थी। इसी बीच थाना मितौली क्षेत्र के एक गांव निवासी पूर्व प्रधान का बेटा किशोरी के घर पहुंच गया। दोनों कमरे में रंगरलियां मना रहे थे। तभी किशोरी के परिवार के अन्य सदस्यों ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने युवक को कमरे से बाहर निकलते ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।

मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी, किशोरी और उसके चाचा को लेकर थाना पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। हालांकि, आरोपी के परिजन मामले को रफा-दफा करने की कोशिश में जुट गए थे, लेकिन लड़की और उसकी मां ने शादी करने का प्रस्ताव रखा। इस पर युवक के परिवार वाले तैयार नहीं हुए।

दोनों पक्षों के बीच कई घंटे तक सुलह-समझौते की वार्ता चली, जिसमें क्षेत्र के तमाम ग्राम प्रधान भी शामिल थे, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद किशोरी की मां ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने छेड़छाड़ के तहत रिपोर्ट दर्ज की है, साथ ही पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट भी लगाया है।

प्रकरण की विवेचना सीओ मितौली शमशेर बहादुर सिंह को सौंपी गई है। एसओ सुनीता कुशवाहा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बरेली में यहां जरा संभलकर! किन्नरों ने दो युवकों को पीटा, नेग नहीं देने पर टूट पड़े

संबंधित समाचार