कासगंज: आधार कार्ड अपडेट के लिए उमड़ी भीड़, कई लोगों को बैरंग लौटना पड़ा
अमांपुर, अमृत विचार: अमांपुर कस्बे के उप डाकघर में आधार कार्ड अपडेट कराने के सरकारी निर्देश के बाद बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। गुरुवार को उप डाकघर में आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गर्मी में महिलाएं और बच्चे कतार में खड़े रहे, लेकिन आधार अपडेट नहीं होने के कारण कई लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। परिसर के भीतर से लेकर बाहर सड़क तक लंबी कतारें लग गईं।
उप डाकघर में हर दिन भीड़ का दबाव देखने को मिल रहा है। सैकड़ों महिलाएं, पुरुष और बच्चे आधार कार्ड बनवाने के लिए परेशान हैं। आए दिन मारामारी जैसे हालात बन रहे हैं। भीड़ का दबाव अधिक होने के कारण कर्मचारियों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के उप डाकघर में आधार कार्ड बनवाने, संशोधन और बायोमेट्रिक अपडेट कराने वालों की भीड़ हर दिन देखी जा रही है। बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी परेशान हैं।
लोग बार-बार डाकघर के चक्कर काट रहे हैं। सुबह 7 बजे से ही लोग डाकघर केंद्र पर इकट्ठा होने लगते हैं, जिससे भीड़ के चलते काफी अव्यवस्था बनी हुई है। पहले कस्बे में चार आधार कार्ड केंद्र संचालित थे, लेकिन अब इनमें से तीन केंद्र बंद हो चुके हैं। वर्तमान में केवल एक ही केंद्र उप डाकघर में संचालित हो रहा है। इसी कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामवासियों राजकुमार, ओमप्रकाश, कैलाश और अनार सिंह ने बताया कि वे कई दिनों से आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने के लिए डाकघर के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उनका काम नहीं हो सका है।
अमांपुर कस्बे के बीआरसी, ब्लॉक परिसर, भारतीय स्टेट बैंक में आधार कार्ड केंद्र सेन्टर स्थापित है। यह आधार केंद्र बंद पड़े हुए हैं। चार में से तीन आधार केंद्र बंद होने से महज एक केंद्र के भरोसे आधार कार्ड बनवाने और संशोधन करवाने का काम हो रहा है। इसलिए यहां सुबह से ही भीड़ जुट जाती है।इसलिए समस्या बनी हुई है- नईम वरनी, डाकपाल।
यह भी पढ़ें- कासगंज : आंगनबाड़ी भर्ती में दलाल सक्रिय, प्रशासन ने अभ्यार्थियों से की अपील
