भाई, भतीजा और बुआ ने प्रदेश को लूटाः स्वतंत्र देव सिंह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ एमएलसी चुनाव को लेकर की बैठक सीतापुर। स्नातक व शिक्षक एमएलसी चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। भाजपा जिला कार्यालय में सीतापुर हरदोई, लखीमपुर विभाग के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में स्वतंत्र देव …
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ एमएलसी चुनाव को लेकर की बैठक
सीतापुर। स्नातक व शिक्षक एमएलसी चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। भाजपा जिला कार्यालय में सीतापुर हरदोई, लखीमपुर विभाग के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में स्वतंत्र देव सिंह ने चुनावी तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने इन चुनावों को चुनौती मानकर जीतने का मंत्र कार्यकर्ताओं को दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने देश हित में अनेक क्रांतिकारी निर्णय लेकर भारत का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है। अनेकों जन कल्याणकारी योजनाएं लागू कर गांव, गरीब, किसान नौजवान व महिलाओं के सम्मान के लिए मोदी सरकार ने सराहनीय कार्य किए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा की उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पिछली सरकारों द्वारा फैलाए गयी अराजकता और नकारात्मक माहौल को खत्म कर प्रदेश में सुरक्षा व विकास का माहौल पैदा किया है। कोरोना काल में भी आमजन की चिंता मोदी और योगी सरकार ने की है हर जरूरतमंद को राशन, भोजन पैकेट व स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने का काम किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाई भतीजा व बुआ ने प्रदेश को लूटने का काम किया था लेकिन योगी सरकार ने सुशासन, विश्वास व सुरक्षा का माहौल पैदा करके प्रदेश के लोगों को खुशियां लौटाने का काम किया है। स्नातक व शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने आए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह चुनाव हम सबके लिए प्रतिष्ठा का चुनाव है सभी कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि एक-एक मतदाता से संपर्क कर चुनाव को जीतने का खाका तैयार करें। उन्होंने कहा की टोलियां बनाकर मतदाताओं से संपर्क कर मोदी व योगी सरकार की उपलब्धियों से मतदाताओं को अवगत कराएं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी और योगी सरकारों की महान उपलब्धियों के चलते आज जनता में भाजपा के प्रति अटूट विश्वास है इसी विश्वास के चलते यह तय है कि शिक्षक व स्नातक चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है। कार्यक्रम से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। दीप प्रज्वलन के साथ में बैठक का शुभारंभ हुआ। जिला अध्यक्ष अचिन मल्होत्रा ने प्रदेश अध्यक्ष सहित आए हुए अतिथियों का स्वागत व आभार व्यक्त कर स्मृति चिन्ह प्रदान किए। प्रदेश अध्यक्ष ने श्रीकृष्णा इंस्टिट्यूट में खैराबाद मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, अनूप गुप्ता, उपाध्यक्ष संतोष सिंह, सीतापुर सांसद व चुनाव प्रभारी राजेश वर्मा, विधायक नीरज बोरा, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, शिक्षक चुनाव के संयोजक व विधायक बंबा लाल दिवाकर, शंकरलाल लोधी, स्नातक एमएलसी प्रत्याशी अवनीश सिंह, शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी उमेश द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।
