रामपुर : आगे चल रहे ट्रक में घुसी कार, दो दोस्तों की मौत...घर के इकलौते चिराग थे दोनों

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

रामपुर, अमृत विचार। नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात को हुए हादसे में कार सवार दो दोस्त बुरी तरह से घायल हो गए।  मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया था। शुक्रवार शाम को शवों का पोस्टमार्टम हो जाने के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों के हवाले कर दिए। जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जिला बरेली के थाना बारादरी के मोहल्ला आलमगीर निवासी शोभित गोयल उम्र 39 वर्ष पेशे से मेडिकल संचालक था। जबकि थाना किला के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी शोभित सक्सेना उम्र 33 वर्ष पेशे से एमआर था। शोभित सक्सेना  दोस्त शोभित गोयल को दवा दिलाने के लिए दिल्ली गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों गुरुवार रात को दिल्ली से वापस घर आ रहे थे। रात करीब 10:30 बजे झुनइया पुल पर उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुस गई। जिसके बाद दोनों  दोस्त बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोग एकत्र हो गए। सूचना के बाद पुलिस आ गई। दोनों को किसी तरह से कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने किसी तरह से संपर्क करके दोनों के परिजनों को जानकारी दी। जिसके बाद देर रात को परिजन आ गए। शवों को देखकर रोना पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया। शु्क्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों के हवाले कर दिया। 

शव घर पहुंचते ही मची चीख पुकार
शोभित गोयल और शोभित सक्सेना के शव घर पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। चारों ओर लोग ही लोग नजर आ रहे थे। देर शाम को दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त एक साथ बिताया करते थे। दवा दिलाने के लिए भी शोभित गोयल अपने दोस्त शोभित सक्सेना को ही लेकर गया था। दोनों के नाम भी शोभित ही थे। मृतक शोभित गोयल और मृतक शोभित सक्सेना दोनों ही घरों के इकलौते थे। 

शोभित सक्सेना की 10 दिन पहले ही हुई थी शादी
दोनों युवकों के मरने की जानकारी मिलने के बाद मोहल्ले के लोग और कुछ रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंच गए थे। जहां उन्होंने बताया कि शोभित सक्सेना का 10 दिन पहले ही बरेली की रहने वाली एक युवती से विवाह हुआ था। शोभित की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। शोभित की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके हाथों की मेहंदी तक नहीं छूट पाई थी। वह विधवा हो गई।

ये भी पढ़ें : Rampur : बिलासपुर के खेत में दिखा तेंदुआ, चलते हुए CCTV में हुआ कैद...वन विभाग की टीम ने की कांबिंग

संबंधित समाचार