Bareilly: बारिश के बावजूद चढ़ा पारा, अब मार्च से मई तक गर्मी झेलने को रहें तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, मई में ज्यादा दिनों तक हीट वेव रहने का अलर्ट

बरेली, अमृत विचार। जिले में हल्की बारिश के बाद भी पारा चढ़कर 17 डिग्री रिकॉर्ड किया गया और दिन के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं हुआ। शनिवार सुबह भी हल्की बारिश के बाद मौसम खुल गया। मौसम विभाग ने मार्च से मई तक भीषण गर्मी की भविष्यवाणी की है। तीनों महीने में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। इसके अलावा मई में सामान्य से अधिक दिनों हीट वेव रहने का अलर्ट जारी किया है।

जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम 24.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस अधिक 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात में 17 डिग्री से अधिक तापमान वर्ष 2015 में रहा था। इस दौरान 0.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं हवा में नमी सुबह 81 प्रतिशत और शाम को 67 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई और हवाओं की रफ्तार 6-8 किलोमीटर प्रति घंटा रही।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को हल्की बूंदाबांदी के आसार है और रविवार से मौसम साफ रहेगा। उन्होंने बताया कि शीत ऋतु के दौरान अखिल भारतीय स्तर पर औसत मासिक तापमान की दृष्टि से फरवरी-2025 पिछले 125 वर्षों (1901-2025) में जहां सबसे गर्म रहा। वहीं उत्तर प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता बहुत कम रहने की वजह से सामान्य 27.4 मिलीमीटर की तुलना में 88 प्रतिशत कम यानी मात्र 3.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसकी वजह से जनवरी के बाद फरवरी के दौरान भी प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर औसत मासिक तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं तीन डिग्री सेल्सियस भी अधिक रहा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रशांत महासागर में प्रचलित कमजोर ला-नीना परिस्थितियों के आगामी सीजन के दौरान तटस्थ एल-नीनो परिस्थितियों में संभावित परिवर्तन और तटस्थ हिंद महासागरीय द्विध्रुव परिस्थितियों के जारी रहने की संभावना के दृष्टिगत आगामी ग्रीष्म ऋतु मार्च से मई के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण हीट वेव के दिनों की संख्या में प्रभावी वृद्धि की संभावना है।

 मार्च में इक्का-दुक्का स्थानों को छोड़कर प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर सामान्य से कम वर्षा के दृष्टिगत अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसकी वजह से प्रदेश के दक्षिणी भाग में मार्च के दौरान ही हीट वेव के दिनों की संख्या में 2-4 दिनों की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें-Bareilly: दो की मौत...राम मंदिर के दर्शन कर हरिद्वार जा रहे श्रद्धालुओं की बस ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ी

संबंधित समाचार