गरीबी अब शादी में बाधा नहीं: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच एक-दूसरे के हुए 76 जोड़े, विधायक ने नवविवाहितों को दिया आशीर्वाद
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक साथ 76 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। फतेहपुर स्थित सांई डिग्री कालेज में आयोजित कार्यक्रम में सभी जोड़ों का हिंदू रीति रिवाज से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुर्सी के विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने मां गायत्री के चित्र पर पुष्प अर्पण और दीप प्रज्वलन किया।
विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और प्रमाण पत्र वितरित किए। विधायक ने कहा कि सरकार ने इस योजना के माध्यम से एक पुनीत कार्य किया है। अब कोई भी बेटी गरीबी के कारण अविवाहित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक विवाह समाज की समरसता एवं समरूपता का भी प्रतिफल है।
सभी जातियों के लोग एक मंडप में सबके साथ समानता का व्यवहार करते व सामाजिक रीति रिवाजों, परंपराओं से दाम्पत्य सूत्र में बंधते हैं। इससे सर्वधर्म समाज और संस्कृति को बल मिलता है। उन्होंने सात फेरों के सात वचनों पर बल देते हुए पति-पत्नी को सामंजस्यपूर्ण जीवन जीते हुए प्रगति पथ पर बढ़ने की शुभकामनाएं दी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुषमा वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शासन द्वारा एक जोड़े की शादी पर 51 हजार रुपये खर्च करने की व्यवस्था है। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत सदस्यय और उप जिलाधिकारी राजेश विश्वकर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा खंड विकास अधिकारी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान और कई विभागों के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: बुआ के घर से लाकर बड़े भाई ने की थी बहन की हत्या, छोटे भाई ने लगाया यह आरोप, जानें पूरा मामला
