मुरादाबाद : प्रेमी ने शादी से किया इनकार तो प्रेमिका ने पी लिया तेजाब, दर्ज कराई थी दुष्कर्म की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रेमी ने शादी करने से इनकार किया तो युवती ने शौचालय में रखा तेजाब पी लिया। इससे युवती की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक और युवती में पिछले पांच साल से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। कई बार युवक ने शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म भी किया। वहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को दो दिन पहले ही जेल भेज चुकी है।

थाना भोजपुर के एक गांव निवासी युवती का पांच साल पहले गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग हो गया। दोनों ने शादी करने का निर्णय ले लिया। इस बात की जानकारी दोनों परिवारों को हो गई थी। आरोप है कि बीती 16 फरवरी को युवक ने युवती को अपने घर बुलाया। शादी करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन युवती ने प्रेमी से शादी करने के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने लगा। युवती ने कई बार उससे शादी करने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना।

बीती 23 फरवरी को युवती ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी खालिद को 27 फरवरी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। उधर, युवती इसके बाद भी प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी। शनिवार को दोपहर परिजन कहीं गए थे। जबकि वह घर में अकेली थी। इसी बीच युवती ने शौचालय में रखा तेजाब पी लिया। कुछ देर बाद युवती की हालत बिगड़नी शुरू हो गई। परिजन घर पहुंचे तो युवती की हालत बिगड़ने का कारण जाना। जानकारी होने पर परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसे भर्ती करके उपचार शुरू कर दिया।

युवती के शुक्रवार को कोर्ट में दर्ज कराए थे बयान
पुलिस के अनुसार आरोपी खालिद को युवती के बयान दर्ज करके जेल भेज दिया था। आरोपी के जेल जाने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को युवती के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए। बयान दर्ज होने के अगले दिन युवती ने तेजाब पी लिया।

युवती जिला अस्पताल आई है। उसे भर्ती करके उपचार शुरू कर दिया गया है। उसका कहना है कि मैंने तेजाब पीया है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है कि युवती ने तेजाब पीया है या और कोई ज्वलनशील पदार्थ। फिलहाल उसकी हालत अभी ठीक है।- डा. जुनैद अंसारी इमरजेंसी मेडिकल अधिकारी

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा : 3 लोगों की दर्दनाक मौत, ट्रक के खराब होने पर धक्का मार रहे थे सभी लोग...दूसरे ट्रक ने मारी टक्कर

संबंधित समाचार