Bareilly: नगर आयुक्त अकेले निकल पड़े तो खुली स्वच्छता की पोल, एजेंसी पर 25 हजार जुर्माना
कई जगह जलता मिला कूड़ा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस
बरेली, अमृत विचार। शहर की सफाई व्यवस्था जानने के लिए नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य शनिवार को अकेले ही औचक निरीक्षण के लिए वार्डों में पहुंच गए। उन्हें कई जगह खुले में कूड़ा जलता मिला। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लापरवाही मिलने पर दो एजेंसियों पर 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश और सफाई नायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नगर आयुक्त सुबह 8 बजे बिना किसी अधिकारी और कर्मचारी को बताए हुए अकेले की वार्डों में निरीक्षण करने निकले। उन्होंने शहामतगंज, गंगापुर, शाहदाना रोड और बड़ा बाजार की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों में जायजा लिया। वार्डों में कमियां मिलने पर करीब 10:30 बजे नगर निगम पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी समेत अपर नगर आयुक्त, एजेंसियों के संचालक को बुलाकर बैठक की।
उन्होंने बारी-बारी समीक्षा शुरू की तो जोन-1 और 3 की डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में सबसे कम हाउसहोल्ड कवरेज पाई गई। एजेंसी की ओर से कूड़ा कलेक्शन कार्य के लिए पर्याप्त संसाधन की व्यवस्था नहीं की गई थी। यूजर चार्ज कलेक्शन कम पाये जाने पर आयुषी हाईजिन एंड केयर एजेंसी पर जोन-1 और 3 में 25-25 हजार का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त की कार्रवाई पर एजेंसियों में हड़ंकप मच गया है।
निगम से चंद कदमों की दूरी पर जल रहा था कूड़ा
नगर आयुक्त ने जब शहामतगंज में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तो एजेंसी यशवी इंटरप्राइजेज का आउटसोर्स कर्मचारी कूड़ा जलाता मिला। वार्ड में गंदगी भी पाए जाने पर एजेंसी पर 25 हजार का जुर्माना लगाया। इसके अलावा एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कुतुबखाना क्षेत्र और वार्ड-63 द्रोपदी इंटर काॅलेज के आसपास मार्ग और नालियों कूड़ा पाए जाने पर संबंधित सफाई नायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त को बताया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में सुधार नहीं हो रहा है। खुले में कचरा आए दिन जलाया जा रहा है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि सफाई व्यवस्था को लेकर निरीक्षण किया गया है। लापरवाही पाए जाने पर जुर्माना लगाया गया है और कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Bareilly: महाकुंभ के बाद अब होली के लिए ट्रेनों में नहीं मिल रही कंफर्म सीट
