Bareilly: निलंबित लेखपाल गिरोह और संजय ट्रांसपोर्टर समेत आठ पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट
लेखपाल और उसके साथियों पर अब-तक दर्ज हो चुके हैं 10 मुकदमे
बरेली, अमृत विचार। निलंबित चकबंदी लेखपाल सावन कुमार और संजय ट्रांसपोर्टर समेत आठ लोगों के खिलाफ किला के नंद इंफ्रा डवलपर्स के मैनेजर कपिल कुमार अग्रवाल ने थाना बिथरी चैनपुर में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। लेखपाल गिरोह पर अब तक 10 मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज किए जा चुके हैं।
किला के साहूकारा निवासी कपिल कुमार अग्रवाल के मुताबिक वह 9 जून और 18 जून 2021 के बैनामे के आधार पर बिथरी चैनपुर के बालीपुर अहमदपुर स्थित जमीन के मालिक हैं। वर्तमान खतौनी में भी उनका नाम दर्ज है। आरोप है कि अमित सिंह ने 28 जनवरी 1992 की फर्जी वसीयत तैयार कर उसके आधार पर 3 और 21 दिसंबर 2022 को शमी चंद्रा, रूचि चंद्रा और निधि अग्रवाल से अपने पक्ष में जमीन का बैनामा करा लिया। अमित सिंह मौजूदा समय में जेल में बंद है। उसने सावन कुमार जायसवाल से मिलकर जमीन का फर्जी बैनामा तैयार कर संजय ट्रांसपोर्टर के भाई और रियल इस्टेट कारोबारी विजय कुमार अग्रवाल, उसके मैनेजर कार्तिक त्रिपाठी, उनके बेटे रितेश अग्रवाल और भतीजे मोहित अग्रवाल के नाम जमीन ट्रांसफर कर दी। उन्होंने मामले की शिकायत डीएम से की थी। इसके बाद एसएसपी ने जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। इसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसी गिरोह की मदद में निपटे थे तत्कालीन थाना प्रभारी
बारादरी थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी सुनील कुमार, चौकी इंचार्ज राजीव शर्मा और हेड कान्स्टेबल को इस गिरोह की मदद करने पर एसएसपी ने निलंबित किया था। एसएसपी ने जांच के बाद तीनों का 29 दिन का वेतन काटने का भी आदेश दिया है।
