मुरादाबाद: टैंक में मिला शुगर मिल कर्मी का शव, परिजनों का हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। अगवानपुर स्थित दीवान शुगर मिल फैक्ट्री में कर्मी का शव टैंक में मिलने से हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कर्मी रविवार की दोपहर अचानक फैक्ट्री से गायब हो गया था, सूचना पर देर रात तक परिजन उसकी तलाश करते रहे …

मुरादाबाद, अमृत विचार। अगवानपुर स्थित दीवान शुगर मिल फैक्ट्री में कर्मी का शव टैंक में मिलने से हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कर्मी रविवार की दोपहर अचानक फैक्ट्री से गायब हो गया था, सूचना पर देर रात तक परिजन उसकी तलाश करते रहे थे।

हंगामे की सूचना मिलने पर एएसपी भारी फोर्स व पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस बीच मिल प्रबंधन और शुगर मिल कर्मी के परिजनों के बीच आपसी समझौते के प्रयास शुरू हो गए। हालांकि देर शाम पोस्टमार्टम में टैंक में डूबकर मौत होने की पुष्टि होने के बाद परिजनों ने पुलिसिया कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं दी है।

मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के अगवानपुर स्थित दीवान शुगर मिल का है। छजलैट थाना क्षेत्र के ग्राम सराय खजूर निवासी अरमान अली (22वर्ष) करीब दो साल से शुगर मिल में काम कर रहा था। ठेकेदार बहेलपाल के अंडर में काम करने वाला अरमान यहां पर ईटीपी टैंक की सफाई करता था। रोजाना सुबह नौ बजे वह ड्यूटी पर आता था और शाम को पांच बजे वापस चला जाता था।

रविवार को वह निर्धारित समय पर मिल पहुंचा लेकिन दोपहर बाद वह गायब हो गया। काफी देर तक तलाश करने के बाद सुपरवाइजर दिनेश कुमार ने फोन करके अरमान के गायब होने की सूचना परिजनों को दी। जिस पर शाम को अरमान के भाई मुराद अली, लालू और फिरोज खां समेत तमाम ग्रामीण मिल पहुंचे और उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात तक मिल का चप्पा-चप्पा छानने के साथ ही जंगल में भी उसे तलाश किया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों के अनुसार सोमवार की सुबह सुपरवाइजर का फोन आया कि अरमान का शव टैंक में पड़ा है। जिस पर परिजनों में कोहराम मच गया। सैकड़ों ग्रामीणों के साथ परिजन मौके पर आ गए।

मिल प्रबंधन व ठेकेदार के न मिलने पर भड़के परिजन
जिस वक्त परिजन ग्रामीणों संग मौके पर पहुंचे तो ठेकेदार, सुपरवाइजर व गार्ड अचानक गायब हो गए। मिल प्रबंधन का भी कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं आया। जिस पर परिजन भड़क गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। वह लोग अरमान की हत्या करने का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना था कि देर रात जब टैंक देखा था तो शव नहीं था, फिर सुबह कैसे आ गया। वह लोग हत्या करके शव टैंक में फेंकने की बात कह रहे थे। हंगामा बढ़ने पर सीओ सिविल लाइंस कुलदीप सिंह गुनावत, सिविल लाइंस कोतवाल नवल मारवाह भारी फोर्स व पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों को समझाने के लिए अफसरों ने आश्वासन दिया कि अगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ संदिग्ध आता है तो हत्या की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इस बीच कुछ लोगों ने मिल प्रबंधन के साथ मिलकर समझौते के प्रयास शुरू कर दिए। माहौल शांत होने के बाद पुलिस ने शव पीएम को भेज दिया। वहीं देर शाम आई पीएम रिपोर्ट में गर्म पानी में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है।

पिता की भी शुगर मिल में हुई थी मौत
अगवानपुर। अरमान अली के पिता छोटे भी दीवान शुगर मिल में काम करते थे। इसके अलावा अरमान का बड़ा भाई मुराद भी यहीं पर काम कर रहा है। शव मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि छोटे ने भी कई सालों तक मिल में काम किया। कुछ साल पहले भी उनकी मौत मिल के अंदर हुई थी। हालांकि परिजनों का कहना था कि अचानक हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हुई थी।

शव पहुंचा घर तो मचा कोहराम
अरमान अली की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। अरमान की सगी व सौतेली मां पूरे परिवार के साथ मिल पहुंच गई। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। खासतौर पर दोनों बुजुर्ग मां को संभालना मुश्किल हो गया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव जब गांव पहुंचा तो फिर कोहराम मच गया। देर शाम शव को सुपुर्द ए खाक करने की तैयारी चल रही थी।

नवल मारवाह, कोतवाल सिविल लाइंस
शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया था। अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। अगर कोई तहरीर आती है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं परिजन व मिल प्रबंधन के बीच समझौते के भी प्रयास चल रहे थे।

संबंधित समाचार