रामपुर : कारोबार के लिए 5 लाख रुपये नहीं मिलने पर पत्नी को दिया तलाक, पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
रामपुर,अमृत विचार। कारोबार के लिए 5 लाख रुपये नहीं मिलने पर पति ने पत्नी को तलाक दे दिया। वहीं ससुरालियों ने महिला को मारपीट करके घर से निकाल दिया। उसने कोतवाली थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव कूंचा नक्कलान निवासी जिकरा का कहना है कि उसकी शादी 26 फरवरी 2020 को पीर की पैंठ निवासी मोहम्मद गुलफाम से हुई थी। शादी के एक माह के बाद ही ससुरालियों ने महिला से दहेज की मांग कर दी थी। जिसमें महिला का पति कारोबार के लिए 5 लाख रुपये मांग करता रहता था। सास सुहाना, ननद इकरा, उजेफा, उमरा लगातार पैसों की मांग कर रहे थे। इस बीच महिला ने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी पैदा होने के बाद ससुरालियों ने उसको परेशान करना शुरू कर दिया। ससुराली बेटे की दूसरी शादी करने की धमकी दे रहे थे।
आरोप है कि 5 अगस्त 2024 को महिला के पति का विवाह सायमा नाम की युवती से करा दिया था। जिसके बाद महिला के होश उड़ गए। उसके बाद पीड़िता ने इस मामले की शिकायत महिला थाने में की तो आरोपियों ने समझौता कर लिया था। महिला को हर माह 5 हजार रुपये देना तय हो गया था। लेकिन बाद में खर्चा देने से मना कर दिया। इस दौरान आरोपी पति ने पत्नी को तलाक दे दिया। उसके बाद महिला मायके आ गई। फिर उसने कोतवाली थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने पति सहित पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढे़ं : रामपुर : जंगल में ले जाकर युवती से दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
