V और Y को नहीं पहचान पाया टोल का कैमरा, कंफ्यूजन में वसूल लिया दूसरी गाड़ी से टैक्स

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कार के एक जैसे ही नंबर को देखकर टोल प्लाजा का कैमरा भी कंफ्यूज हो गया। जिसका नतीजा यह हुआ कि गलत कार का टोल कटा और उसके मालिक के मोबाइल पर मैसेज पहुंच गया। कार मालिक ने टोल प्लाजा मैनेजर को जब इस बारे में जानकारी दी, तो पूरे मामले का खुलासा हो सका। टोल प्रशासन ने पूरे मामले की जानकारी कर कार मालिक को टोल टैक्स का पैसा वापस किया है।

फोटो कार दूसरी

शहर के पेट्रोल पंप संचालक दीपक जैन के मुताबिक उनकी कार अहमदपुर टोल प्लाजा से गुजरी ही नहीं, लेकिन बुधवार सुबह करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर 115 रुपये टोल टैक्स कटने का मैसेज आ गया। उन्होंने टोल प्लाजा मैनेजर अनुपम दुबे को इस बारे में जानकारी दी। जिसके बाद टोल प्लाजा मैनेजर ने कैमरे को चेक कराया तो पता चला कि जिस गाड़ी का टोल कटा है उसका नंबर भी दीपक जैन की कार से हूबहू मिलता है।

टोल प्लाजा मैनेजर अनुपम दुबे ने बताया कि दीपक जैन की गाड़ी का नंबर UP 41 AY 0990 है, जबकि जो गाड़ी असल में टोल से गुजरी उसका नंबर UP 41 AV 0990 है। केवल V और Y का फर्क है। लेकिन लिखावट दोनों की एक जैसी ही है। इसीलिए कैमरे ने V की जगह Y रीड किया और असल कार का टोल न कटकर दीपक जैन की कार का टोल काट दिया, जिससे उनके पास उसका मैसेज गया। अनुपम दुबे ने बताया कि इस गलती का पता चलते ही टोल प्लाजा ने दीपक जैन के पैसे रिफंड किए और उनसे असुविधा के लिए माफी भी मांगी। अनुपम दुबे के मुताबिक इस तरह के वाहन जिनके नंबर हूबहू मिलते-जुलते हैं, उनकी लिखावट में अंतर न होने के चलते यह घटना हुई है। आगे ऐसा न हो, टोल पर इसका खास ध्यान रखा जाएगा।

पैसा मिलेगा दो बार

टोल प्लाजा मैनेजर अनुपम दुबे ने बताया कि जानकारी होते ही टोल कर्मचारी ने ऑडिट में पूरे मामले की जानकारी दी, उसके बाद कार मालिक को यूपीआई से पेमेंट किया गया। साथ ही जो पेमेंट गलत कटा था, उसे कैंसिल करने के लिए बैंक को मेल किया गया, वहां से भी पैसा वापस कार मालिक के पास ही आएगा।

ये भी पढ़ें- दिग्गज टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल का संन्यास का फैसला, WTT स्टार कंटेंडर होगा आखिरी टूर्नामेंट

संबंधित समाचार