Prague Masters 2025: अरविंद ने अनीश गिरी को पछाड़ा, हासिल की एकल बढ़त

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

प्राग, अमृत विचारः भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चिदंबरम ने यहां चल रहे प्राग मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट के सातवें दौर में काले मोहरों से खेलते हुए नीदरलैंड के अनीश गिरी को हराकर एकल बढ़त हासिल कर ली। अरविंद ने शुरू से लेकर आखिर तक अपनी लय बनाए रखी जबकि भारत के एक अन्य खिलाड़ी आर प्रज्ञाननंदा ने टूर्नामेंट से पहले खिताब के दावेदार माने जा रहे चीन के वेई यी के साथ ड्रॉ खेला। अरविंद ने संभावित सात में से अपने अंकों की संख्या पांच कर ली है और अब वह प्रज्ञाननंदा से आधे अंक की बढ़त पर हैं। अब जबकि केवल दो दौर की बाजियां खेली जानी बाकी हैं तब अमेरिका के सैम शैंकलैंड ने वियतनाम के क्वांग लीम ले को हरा दिया। 

दिलचस्प बात यह है कि क्वांग लीम और गिरी दोनों ने पहली छह बाजियां ड्रॉ खेली थी। एक अन्य मुकाबले में तुर्किए के 16 वर्षीय गुरेल एडिज़ ने चेक गणराज्य के गुयेन थाई दाई वान को पराजित किया जबकि चेक गणराज्य के ही डेविड नवारा ने जर्मनी के विंसेंट कीमर के साथ ड्रॉ खेला। अरविंद पांच अंक लेकर शीर्ष पर काबिज हैं जबकि प्रज्ञाननंदा 4.5 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। उनके बाद वेई यी, एडिज़, कीमर और शैंकलैंड का नंबर आता है जिनके 3.5 अंक हैं। गिरी, नवारा और लीम के तीन-तीन अंक है जबकि दाई वान 2.5 अंक के साथ सबसे निचले स्थान पर हैं। 

अरविंद ने गिरी के खिलाफ 24वीं चाल में अपने घोड़े के दम पर बढ़त बनाई और आखिर में 39वीं चाल में जीत हासिल करके रिकॉर्ड बुक में अपना नाम लिखवाया। अरविंद इस जीत से लाइव रेटिंग में 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस तरह से लाइव रेटिंग में शीर्ष 15 में अब कम से कम पांच भारतीय शामिल हो गए हैं। विश्वनाथन आनंद 15वें नंबर पर हैं। अरविंद ने पहली बार शीर्ष पंद्रह में प्रवेश किया। चैलेंजर्स वर्ग में जोनास बुहल बजरे ने इस वर्ग में भाग ले रही एकमात्र भारतीय दिव्या देशमुख को हराकर उसकी मुसीबतें बढ़ा दी। भारतीय खिलाड़ी सात बाजियों में केवल 1.5 अंक हासिल कर पाई है और वह सबसे अंतिम स्थान पर है। इस वर्ग में उज्बेकिस्तान के बजरे और नोदिरबेक याकुबोएव 5.5 अंक के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं।

यह भी पढ़ेः चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत से मिली हर के बाद स्मिथ ने लिया संन्यास, अब नहीं खेलेंगे वन डे क्रिकेट

संबंधित समाचार