मुरादाबाद : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मिला 'नारी शक्ति पथ' की अनूठी सौगात

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

महिला सशक्तिकरण और उनके अभूतपूर्व योगदान को समर्पित है नारी शक्ति पथ: मंडलायुक्त 

मुरादाबाद, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर निगम ने महिलाओं को अनूठी सौगात दी। रामपुर रोड पर नगर निगम की सीमा पर रामगंगा पुल के पास नारी शक्ति पथ का उद्घाटन कर जनता को समर्पित कर दिया गया। महापौर विनोद अग्रवाल व मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने इसका लोकार्पण किया।

रामपुर रोड पर यह क्षेत्र दैनिक सफाई में छूट जाता था इसका भव्य सौंदर्यीकरण कराकर "नारी शक्ति पथ" के रूप में विकसित किया गया है। यह पथ महिला सशक्तिकरण और उनके अभूतपूर्व योगदान को समर्पित किया गया है। महापौर व मंडलायुक्त ने इसका लोकार्पण कर कहा कि यह महिला दिवस पर यादगार उपलब्धि है। यह पथ नारी सशक्तिकरण का पर्याय है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नारी शक्ति पथ केवल एक मार्ग नहीं, बल्कि महिला सम्मान, प्रेरणा और सशक्तिकरण का प्रतीक है। यह स्थल आने वाली पीढ़ियों को उन नारी शक्तियों के संघर्ष और सफलता की कहानियों से प्रेरित करेगा, जिन्होंने समाज को नया स्वरूप दिया। 

इस पहल के माध्यम से नगर निगम ने स्वच्छ, सुंदर और सशक्त मुरादाबाद की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रिया अग्रवाल, अपर नगर आयुक्त प्रथम अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त द्वितीय अजीत कुमार, संयुक्त नगर आयुक्त निशा मिश्रा, उपनगर आयुक्त राजकिशोर प्रसाद, क्षेत्रीय पार्षद रामपाल सिंह के अलावा नगर निगम के अन्य कर्मचारी आदि मौजूद रहे।

नारी शक्ति पथ –प्रेरणा की प्रतीक स्थली
नारी शक्ति पथ पर उन महान महिलाओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिन्होंने समाज में अतुलनीय योगदान दिया है। इसमें इन विशेष महिला हस्तियों की गौरव गाथा अंकित है।
बेगम हजरत महल – 1857 की क्रांति की वीरांगना
रानी लक्ष्मीबाई – झांसी की अमर शेरनी
सावित्रीबाई फुले – भारत में महिला शिक्षा की अग्रदूत
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर – कुशल शासक और समाज सुधारक
कल्पना चावला – भारत की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री

पिंक शौचालय की भी सुविधा
नगर निगम की ओर से महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए यहां विशेष पिंक शौचालय बनाया गया है। इसमें महिलाओं की सुविधा के लिए सैनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन, सेपरेट एंट्री एरिया, स्वच्छ पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : प्रधानमंत्री ने महिलाओं को हर क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया -उप मुख्यमंत्री

 

संबंधित समाचार