रामपुर : दहेज में कार नहीं मिलने पर पत्नी को दिया तलाक, 8 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
रामपुर,अमृत विचार। दहेज में बुलेरो नहीं मिलने पर पति ने पत्नी को तलाक दे दिया। वहीं ससुरालियों ने बच्चा पैदा नहीं करने पर महिला को पीटकर घर से निकाल दिया। उसने गंज थाने में पति सहित 8 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला घेर हसन खां निवासी वसीम का कहना है कि उसने अपनी बेटी युसरा की शादी 17 जुलाई 2023 को थाना कोतवाली के मोहल्ला राजो की तकिया निवासी तौसीफ से की थी। महिला के मायके वालों ने शादी में 15 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के कुछ दिनों तक ससुराल वाले सही रहे। उसके बाद ससुराल वालों ने युसरा से दहेज में बुलेरो की मांग कर दी थी। उसके साथ आए दिन मारपीट करते थे। उसको भूखा प्यासा रखते थे। उसको बच्चा पैदा नहीं होने पर ताने दिया करते थे।
27 दिसंबर 2024 को युसरा के ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। फिर समझौता हो जाने पर ससुराली युसरा को घर ले गए थे। लेकिन, 3 जनवरी 2025 को ससुरालियों ने महिला से कहा कि डेढ़ साल हो गया है बच्चा पैदा नहीं हुआ है। परेशान हो जाने के बाद ससुरालियों ने उसको पीट दिया। पति ने तलाक देकर घर से निकाल दिया। उसके बाद महिला मायके आ गई। महिला ने थाने में तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी तौसीफ ,सैफुलनिशा, जमील, तौकीर, फरहीन, नाजमीन, आरिफ, शुमायला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढे़ं: रामपुर : त्यौहारों पर ट्रेनों और बसों में बढ़ी यात्रियों की भीड़, लंबा सफर करने से पहले जान लें स्थिति
