नेपाल में बदलाव की हवा, राजशाही की वापसी की मांग, गदर की आहट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। नेपाल में बदलाव की हवा चल रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन हवाई अड्डे के मुख्य द्वार पर सोमवार को करीब 10 हजार लोग एकत्र हुए और नारेबाजी करने लगे। बताया जा रहा है कि वहां जुटे लोग एक खास शख्स की झलक पाने के लिए आतुर दिखाई पड़े। जिस खास शख्स की एक झलक के लिए लोग उत्साह के साथ इंतजार कर रहे थे, वह कोई और नहीं बल्कि नेपाल के पूर्व राजा ज्ञानेंद्र शाह थे। जिनका स्वागत करने के लिए इतनी भारी तादाद में लोग एकत्रित थे।

10 हजार लोगों की यह भीड़ एक सुर में राजा का महल नारायणहिती खाली करने की मांग कर रही थी और कह रही थी कि हमारे राजा आ रहे हैं। लोग कह रहे थे कि जय पशुपतिनाथ, हमारे राजा का स्वागत करो।

सोशल मीडिया पर भी इसका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लोग अपने पूर्व राजा का स्वागत कर रहे हैं और नारे लगाते हुए राजशाही वापस करने की मांग करते हुए देखे जा सकते हैं।

16 साल पहले राजा करते थे राज

साल 2008 में नेपाल का शासन राजा संभालते थे, लेकिन माओवादी आंदोलन के बाद यहां पर सत्ता परिवर्तन हुआ और राजा को सिंहासन खाली करना पड़ा। उस समय यहां के राजा ज्ञानेंद्र शाह ही थे। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को काठमांडू पहुंचे ज्ञानेंद्र शाह को अपने निवास तक पहुंचने में दो घंटे से अधिक समय लगा। जिसके पीछे की वजह उनके लिए सड़कों पर मौजूद लोग बताए जा रहे हैं। इस दौरान राष्ट्रीय प्रजातांत्रिक पार्टी के नेताओं के साथ भारी संख्या में कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे हैं।

संबंधित समाचार