उन्नाव में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में सफाई कर्मी सहित चार की मौत; परिवार के लोग रो-रोकर हुए बेहाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में सफाई कर्मी, किसान, महिला व युवक की मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही उनके परिजनों में चीख-पुकार मच गई। संबंधित क्षेत्रों की पुलिस ने जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

केस-1

रायबरेली जिला के खीरों थानाक्षेत्र के किसौली गांव निवासी संजय कुमार (44) पुत्र स्व. सागर जिला पंचायत में सफाई कर्मी था। वर्तमान में उसकी नियुक्ति बीघापुर ब्लाक कटरा दीवान खेड़ा गांव में थी। सोमवार सुबह वह अपने बेटे सचिन को हाईस्कूल की परीक्षा दिलाने सेमरी स्थित इंटर कालेज गया था। जहां से वह ड्यूटी जा रहा था। तभी उन्नाव-लालगंज हाइवे पर बिहार थानाक्षेत्र के सुमेरपुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें उसकी मौत हो गई। पीछे से आए सहकर्मियों ने उसे पहचान कर परिजनों व पुलिस को सूचना दी। उसकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी कांति देवी सहित बेटी शिवानी, शालिनी, बेटा सचिन व सत्यम बेहाल हो गए। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां ठकुराइन बदहवास है। एसओ सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

साथियों ने दी श्रद्धांजलि

हादसे में साथी की मौत की सूचना मिलते ही साथी कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी भी मोर्चरी पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। जिसमें जिलाध्यक्ष संदीप भारती, ब्लॉक अध्यक्ष महेश कुमार, ब्लॉक मंत्री शीशाराज व कोषाध्यक्ष अतुल शैलेंद्र कुमार आदि रहे।

केस-2

बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के खरौली गांव के मजरा गंगासेवा खेड़ा निवासी केशनदेव गौतम (62) पुत्र स्व. हिरई किसान था। रविवार को वह अपने ट्रैक्टर-ट्राली में आलू लादकर कोल्ड स्टोर में रखने गया था। ट्रैक्टर गांव निवासी एक युवक चला रहा था। देररात लौटते समय बदरका पुलिस चौकी से 500 मीटर दूर रात में ट्रैक्टर में कुछ खराबी आ गई। इस पर चालक किसी दूसरे साधन से लिफ्ट लेकर मिस्त्री लाने चला गया। किसान ट्राली में सो गया। तभी तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्राली में टक्कर मार दी। 

टक्कर इतनी तेज थी कि ट्राली सड़क पर पलट गई और केशन गंभीर घायल हो गया। वहीं डीसीएम चालक शेर बहादुर पुत्र शिव बहादुर निवासी आटा अचलगंज भी घायल हो गया। पुलिस ने केशन को जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस ने गांव के बीडीसी अखिलेश तिवारी से संपर्क कर परिजनों को हादसे की जानकारी की दी। इसकी खबर मिलते ही पत्नी के केशाना देवी सहित पप्पू, गुड्डू सरवन, पवन व बेटी सोनम रो-रोकर बेहाल हैं। बेटे की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ राजेश पाठक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दोनों वाहनों को चौकी में खड़ा कराया गया है। तहरीर के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

केस-3 

पुरवा कोतवाली क्षेत्र के खत्रिन खेड़ा गांव निवासी छोटू प्रसाद (20) स्व. जालिपा बीती आठ मार्च को अपने बड़े भाई लालू के साथ बाइक से कोतवाली क्षेत्र के बख्तूखेड़ा पंप से पेट्रोल भराने गया था। भाई लालू ने बताया कि पेट्रोल पंप के पास एक मवेशी से बाइक टकरा गई। इससे पीछे बैठा छोटू उछलकर सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। 

परिजन उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले गए। जहां रविवार रात उसकी मौत हो गई। शव लेकर लौटे परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। छोटू तीन भाईयों में लालू व लाला से छोटा था। उसकी मौत से मां कमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। 

केस-4

असोहा थानाक्षेत्र के कांथा गांव निवासी सुंदरलाल बीती रविवार सुबह पत्नी पूनम (40), बेटे राज व बेटी छाया को लेकर दवा दिलाने पुरवा आया था। लौटते समय पुरवा कोतवाली अंतर्गत बस स्टैंड के पास पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पूनम उछलकर सड़क पर गिरी और ट्रक का पहिया उसके पैरों को रौंदते हुए निकल गया।

आनन-फानन उसे सीएचसी लाया गया। जहां से उसे रेफर किया गया था। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से पति, बेटे  राज व शुभम व बेटी छाया बेहाल हैं। एसएचओ अमरनाथ यादव ने बताया कि ट्रक पकड़ लिया गया है। अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।

ये भी पढ़ें- कानपुर में प्रेमी ने प्रेमिका को अपने घर बुलाकर मार डाला; किसी बात लेकर दोनों का हुआ था विवाद

संबंधित समाचार