संभल : भाजपा नेता की जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य गुलफाम सिंह यादव के घर पहुंचे हत्यारे और इंजेक्शन से ली जान

संभल (गुन्नौर), अमृत विचार। संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र में 2004 में मलायम सिंह यादव के सामने  विधानसभा चुनाव लड़े भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुलफाम सिंह यादव की हत्यारों ने उनके घर पर ही जहरीला इंजेक्शन लगा कर हत्या कर दी। वारदात को बाइक सवार हत्यारों ने अंजाम दिया। हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। एसपी ने घटनास्थल का जायजा लेकर हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही। 

थाना क्षेत्र के गांव दबथरा हिमंचल निवासी गुलफाम सिंह यादव (70 वर्ष) सोमवार को दोपहर 1 बजे घर में बने पशुवाड़े में बैठे थे।इसी समय बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन हमलावरों ने पहले भाजपा नेता से बातचीत की और फिर अचानक उन्हें जहर का इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद  हत्यारे बाइक पर सवार होकर भाग गए। जहरीला इंजेक्शन लगने पर गुलफाम सिंह यादव चीखे तो परिजन पहुंच गए। परिजन उन्हें सीएचसी गुन्नौर ले गये। जहां से उन्हें अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। गुलफाम सिंह यादव  वर्ष 1976 में आरएसएस के जिला कार्यवाह और बदायूं जनपद में भाजपा के जिला महामंत्री के पद पर रहे थे। 22 अप्रैल 1998 को सपा समर्थक शिक्षक लालाराम यादव की हत्या में नामजद होने के बाद चर्चा में आए गुलफाम सिंह को भाजपा ने वर्ष 2004 के विधानसभा उपचुनाव में तत्कालीन सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के मुकाबले मैदान में उतारा था। वर्ष 2016 में वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद पर रहे थे जबकि उसके बाद उन्हें भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति समिति के सदस्य बनाया गया। उन्हें उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग में भी सदस्य बनाया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र दिव्य प्रकाश जुनावई के ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। भाजपा ने शोक संदेश जारी कर वरिष्ठ नेता की हत्या को अभूतपूर्व क्षति बताया।

एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि दोपहर 1.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि उन्हें किसी ने इंजेक्शन लगा दिया और भाग गए। पुलिस ने मौके का मुआयना कर उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां उनकी दुखद मृत्यु हो गई। पैनल से पोस्टमार्टम कराकर मृत्यु का सही कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। पुलिस को सुराग भी मिले हैं। जिन लोगों ने घटना की है उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - संभल : अब एसपी ने कहा, जुमा कम्युनिटी गैदरिंग, होली नेशनल फेस्टिवल

संबंधित समाचार