बरेली: गांधी उद्यान में जॉगिंग के साथ ले सकेंगे संगीत का आनंद
अमृत विचार, बरेली। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत गांधी उद्यान में सैर-सपाटे को आने वाले लोगों को अब दिसम्बर माह से म्यूजिकल फाउंटेन की धुन पर जॉगिंग कर सकेंगे। साथ ही सोलर ट्री से मोबाइल भी चार्ज कर सकते हैं जबकि फव्वारे का कार्य भी तेजी से हो रहा है। शहर के सुप्रसिद्ध गांधी उद्यान …
अमृत विचार, बरेली। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत गांधी उद्यान में सैर-सपाटे को आने वाले लोगों को अब दिसम्बर माह से म्यूजिकल फाउंटेन की धुन पर जॉगिंग कर सकेंगे। साथ ही सोलर ट्री से मोबाइल भी चार्ज कर सकते हैं जबकि फव्वारे का कार्य भी तेजी से हो रहा है।
शहर के सुप्रसिद्ध गांधी उद्यान पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत संगीत की धुन सुनाई देगी। इसमें जगह-जगह म्यूजिकल फाउंटेन लगने का कार्य पूरा किया जा चुका है। परिसर की हर सड़क पर लोगों का मनोरंजन होगा। मधुर संगीत के साथ सभी के लिए वाकिंग फाउंटेन की भी सुविधा होगी। फव्वारे से रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जाएंगी जिसका कार्य तेजी से किया जा रहा है। ये लाइटें शाम ढलते ही लोगों को आकर्षित करेंगी। अभी तक शहर में निगम के किसी भी पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। 80 लाख रुपये म्यूजिक सिस्टम लगाने पर खर्च किए जा चुके हैं।
स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक संजय सिंह चौहान ने बताया कि लोग अब मॉर्निंग वॉक के साथ म्यूजिक का भी लुत्फ उठा सकेंगे। साथ ही सोलर ट्री से अपना मोबाइल भी चार्ज कर सकेंगे। यह अपने आप में नए तरीके का अनुभव होगा। प्रयास किया जा रहा है कि इसे खास तरीके से बनाया जाए। लोगों की सुविधाओं को विकसित करने के लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से गांधी उद्यान को संवारने के लिए आगे भी कार्ययोजना तैयार की जा चुकी है। अगले माह से गांधी उद्यान में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सड़क के किनारे लगे म्यूजिकल सिस्टम का कार्य करीब पूरा हो गया है।
