कंबोडिया के अंकोर मंदिर परिसर में मिला बुद्ध की प्रतिमा का धड़, 12वीं या 13वीं सदी की प्रतिमा का बताया जा रहा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नोम पेन्ह (कंबोडिया)। कंबोडिया के सदियों पुराने अंकोरवाट मंदिर परिसर में बुद्ध की एक प्रतिमा का एक धड़ मिला है जो लगभग एक शताब्दी पहले इसी स्थान पर पाए गए एक सिर से मेल खाता है। माना जा रहा है कि यह धड़ 12वीं या 13वीं सदी की प्रतिमा का है। इसे पिछले महीने अंकोर के ता प्रोहम मंदिर में कंबोडियाई और भारतीय विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा की गई खुदाई के दौरान खोजा गया था। 

पुरातत्ववेत्ता नेथ साइमन ने इस सप्ताह बताया कि यह प्रतिमा 29 टुकड़ों के साथ मिली है, जो एक ही मूर्ति के हिस्से प्रतीत होते हैं। नेथ साइमन ने सिएम रीप प्रांत से फोन पर ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया, ‘‘जब हमने इस मूर्ति को खोदकर निकाला तो यह हमारे लिए बहुत बड़ा आश्चर्य था क्योंकि अब तक हमें केवल छोटे-छोटे टुकड़े ही मिले थे।’’ उन्होंने प्रतिमा के डिजाइन का वर्णन करते हुए कहा कि इसमें नक्काशीदार आभूषण, वस्त्र और कमरबंद प्रदर्शित हैं। 

मूर्ति का कथित सिर 1927 में फ्रांसीसी औपनिवेशिक काल के दौरान उसी मंदिर में खोजा गया था और वर्तमान में इसे राजधानी नोम पेन्ह में कंबोडिया के मुख्य राष्ट्रीय संग्रहालय में रखा गया है। कंबोडिया के पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, यह स्थल कंबोडिया का सबसे लोकप्रिय पर्यटक आकर्षण है और 2024 में लगभग दस लाख अंतरराष्ट्रीय पर्यटक आये थे। 

ये भी पढ़ें : Pakistan Train Hijack में झूठ बोल रही पाक सरकार? BLA ने किया खुलासा

संबंधित समाचार