बाराबंकी: अपमान से आहत दो युवकों समेत तीन ने की आत्महत्या, मचा कोहराम
बाराबंकी, अमृत विचार। अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों ने आत्महत्या कर जीवनलीला समाप्त कर ली। आरोप है कि पिटाई व प्रताड़ना के कारण दो युवकों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। वहीं तीसरी घटना में कारण का पता नहीं चल सका।
थाना घुंघटेर क्षेत्र के माधवपुर मजरा धौरहरा गांव में गुरुवार को देर रात 2 बजे पारिवारिक विवाद के चलते कुलदीप नामक युवक ने अपनी मां माया देवी, बहन कुमकुम और बड़े भाई अनूप के साथ मारपीट की। पीड़ितों के अनुसार कुलदीप ने सभी को बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। मां और बहन की पिटाई व खुद के अपमान से अनूप इस कदर क्षुब्ध हो गया कि उसी रात गांव के पास स्थित लोनार की बाग में आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने इस घटना के लिए कुलदीप को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
टिकैतनगर प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम गोबरहा मजरा करौनी गांव में बुधवार को योगेंद्र कुमार मिश्रा अपनी मजदूरी के 35 सौ रुपये मांगने राम कुमार के घर गया था। आरोप है कि वहां राम कुमार और उसके साथियों ने योगेंद्र के साथ मारपीट की। किसी तरह वह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद ही राम कुमार, मनीष, सोनू, कल्लू, अमरीश और मोहन लाठी-डंडों के साथ उसके घर पहुंच गए और दोबारा मारपीट की। जब योगेंद्र के पिता राकेश कुमार उसे बचाने आए, तो उन्हें भी बुरी तरह पीटा गया। गुरुवार की दोपहर 2 बजे योगेंद्र को अस्पताल के पास फिर से पीटा गया और अपमानित किया गया। इससे आहत होकर उसने अपने घर के पीछे एक पेड़ से फांसी लगा ली। परिजनों का कहना है कि योगेंद्र ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल में एक वीडियो भी बनाया है।
बनीकोडर प्रतिनिधि के अनुसार असन्द्रा कोतवाली क्षेत्र के भवनियापुर गांव में युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। मृतक की पहचान राममगन साहू के रूप में हुई। वह रामकिशोर का पुत्र था। मगन टेंट का काम करता और महज चार महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। शुक्रवार देर रात स्थानीय लोगों ने जब युवक का शव गमछे के सहारे पेड़ से लटका देखा, तो तुरंत असन्द्रा पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- बाराबंकी: होली पर नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबकर मौत, खुशियां मातम में बदलीं
