बिजनौर : भाजपा नेता ने थाने में दरोगा को मारा थप्पड़, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बिजनौर, अमृत विचार: शेरकोट थाना परिसर में विवाद के दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्ष ने दरोगा को थप्पड़ मार दिया। सूचना पर एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल और सीओ अफजलगढ़ अंजनी कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने मंडल अध्यक्ष समेत 2 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

शुक्रवार को होली के अवसर पर शेरकोट क्षेत्र के गांव परमावाला में डीजे पर डांस को लेकर प्रमोद का गांव के ही 3 युवकों से झगड़ा हो गया था। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष शिकायत लेकर शेरकोट थाने पहुंचे। इस दौरान बढ़ापुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष भीम सिंह उर्फ सचिन सैनी भी एक पक्ष के समर्थन में थाने पहुंच गए। मेडिकल कराने को लेकर दरोगा बिजेंद्र राठी से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान मंडल अध्यक्ष ने दरोगा को थप्पड़ मार दिया। इससे थाने में अफरा-तफरी मच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल और सीओ अफजलगढ़ अंजनी कुमार तुरंत शेरकोट थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उधर, घटना की खबर मिलते ही भाजपा के कई कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए। उनकी पुलिस से बहस भी हुई। सीओ अंजनी कुमार ने बताया कि दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। इसे लेकर भाजपा के मंडल अध्यक्ष ने थाने में दरोगा से हाथापाई की। दरोगा बिजेंद्र राठी की तहरीर पर आरोपी मंडल अध्यक्ष सहित 2 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें - बिजनौर : कांशीराम के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

संबंधित समाचार