शाहजहांपुर: तिलहर विधायक के खिलाफ धरने पर बैठी पुत्रवधु
अमृत विचार, शाहजहांपुर। भाजपा विधायक पर मुकदमा वापस न लेने पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए उनकी विधवा पुत्रवधु कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गईं। उन्होंने आरोप लगाया है कि वह विधायक की शिकायत थाने से लेकर जिले के आलाधिकारी तक कर चुकी है लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। तिलहर विधानसभा …
अमृत विचार, शाहजहांपुर। भाजपा विधायक पर मुकदमा वापस न लेने पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए उनकी विधवा पुत्रवधु कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गईं। उन्होंने आरोप लगाया है कि वह विधायक की शिकायत थाने से लेकर जिले के आलाधिकारी तक कर चुकी है लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
तिलहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रोशल लाल वर्मा की बहू सरिता ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को देते हुए बताया कि उनके पति विनोद कुमार वर्मा की मौत दो वर्ष पहले हो चुकी है। आरोप है कि पति की मौत के बाद विधायक ससुर ने उसको घर से निकाल दिया। पति की संपत्ति हड़पने की नीयत से उसका नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज न कराकर विधि विरुद्ध तरीके से वारिसान बनवाया गया। इसके संबंध में विधायक व उनके परिजनों के विरुद्ध तहसील तिलहर कोर्ट व शाहजहांपुर न्यायालय में छह मुकदमे चल रहे हैं।
आरोप है कि विधायक लगातार मुकदमे वापस लेने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पांच सितंबर को प्रताड़ित किए जाने के संबंध में उसके भाई ने विधायक को फोन किया तो उसे झूठे मुकदमे में फंसा देने की धमकी दी। आरोप है कि विधायक ने उसके पिता और भाई के खिलाफ खुदागंज थाने में फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया है। सरिता के मुताबिक विधायक के समर्थक उसको दो माह से प्रताड़ित कर रहे हैं। इसकी शिकायत थाने से लेकर एसपी तक कर चुकी हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। धरने पर बैठने के संबंध में रजिस्टर्ड डाक से डीएम, एसपी, सिटी मजिस्ट्रेट, प्रभारी निरीक्षक एलआईयू को 20 नवंबर को प्रार्थना पत्र दिए थे। मजबूरन वह विधायक के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए धरने पर बैठी है। वहीं इस संबंध में विधायक से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
