अयोध्या: शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त और डीएम ने किया कार्यालयों का औचक निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। प्रदेश की योगी सरकार ने जन शिकायतों की सुनवाई के लिए सभी कर्मचारियों अधिकारियों को समय से अपने कार्यालय में मौजूद रहने का फरमान जारी किया है। हालांकि मंगलवार को शासन के निर्देश पर कराई गई औचक जांच में कर्मचारियों अधिकारियों की लापरवाही सामने आ गई। शासन के निर्देश पर हुई औचक जांच में …

अयोध्या। प्रदेश की योगी सरकार ने जन शिकायतों की सुनवाई के लिए सभी कर्मचारियों अधिकारियों को समय से अपने कार्यालय में मौजूद रहने का फरमान जारी किया है। हालांकि मंगलवार को शासन के निर्देश पर कराई गई औचक जांच में कर्मचारियों अधिकारियों की लापरवाही सामने आ गई। शासन के निर्देश पर हुई औचक जांच में मंडलायुक्त के निरीक्षण में कुल 38 और जिलाधिकारी के निरीक्षण में कुल 194 कर्मचारी अधिकारी गैरहाजिर मिले। गैरहाजिर कर्मियों का आधे दिन का वेतन काटने, उनको चेतावनी जारी करने और स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया है।


शासन के निर्देश पर मंगलवार की सुबह मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने अपने विशेष सहायक /कार्यालय प्रभारी  सच्चिदानंद के साथ विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग कार्यालय में 12, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग कार्यालय में 8, मुख्य अभियंता सरयू खंड प्रथम में दो, मुख्य अभियंता जल निगम कार्यालय में 6 तथा मुख्य अभियंता गुण नियंत्रण कार्यालय में 10 कर्मचारी अधिकारी अनुपस्थित मिले।
जिला अधिकारी अनुज कुमार झा ने निरीक्षण की शुरुआत कलेक्ट्रेट से की। कलेक्ट्रेट में 21 और सिंचाई विभाग में 16 अधिकारी कर्मचारी गैरहाजिर मिले।

अपर जिलाधिकारी नगर वैभव शर्मा के निरीक्षण में जिला पूर्ति कार्यालय में सभी कर्मचारी मौजूद मिले लेकिन एडीएम प्रशासन की जांच में जिला पंचायत कार्यालय के 13 कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। मुख्य राजस्व अधिकारी पीडी गुप्ता के निरीक्षण में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में 4, विद्युत खंड प्रथम कार्यालय में पांच, उप जिलाधिकारी सदर ज्योति सिंह के निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड कार्यालय में 9, ब्लॉक कार्यालय में 8, उप जिलाधिकारी बीकापुर के निरीक्षण में सामुदायिक केंद्र में 24, उप जिला अधिकारी सोहावल को नगर पंचायत भदरसा में चार, उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर को 5 कर्मचारी अनुपस्थित मिले।


मुख्य विकास अधिकारी ने उपनिदेशक कृषि, संयुक्त निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, सहायक निदेशक मृदापरीक्षक,अधिशासी अभियंता जल निगम, अधिशासी अभियंता नलकूप खंड, जिला विद्यालय निरीक्षक, खंडीय कार्यालय विद्युत प्रेषण खंड, उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक विकास भवन आदि कार्यालयों का निरीक्षण किया। जिनमें कुल 73 अधिकारी कर्मचारी गैरहाजिर मिले। जिला विकास अधिकारी हवलदार सिंह की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय के निरीक्षण में 7, परियोजना निदेशक कमलेश सोनी की ओर से लोक निर्माण विभाग खण्ड दो कार्यालय के निरीक्षण में 5 कर्मचारी अधिकारी अनुपस्थित मिले जबकि कार्यालय जिला लेखा परीक्षा अधिकारी सहकारी समिति एवं पंचायत तथा उप मुख्य लेखा परीक्षा अधिकारी सहकारी समिति कार्यालय में लगभग 10:30 तक ताला लटका मिला।


जिला अधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि सरकार और शासन में सभी कर्मचारियों अधिकारियों को नियत समय पर कार्यालय पहुंचने का आदेश दिया है। इसी आदेश के अनुपालन में शासन प्रशासन की ओर से औचक जांच कराई गई। जिससे लोगों की समय पर उपस्थिति हो सके। उन्होंने बताया कि जो अधिकारी कर्मचारी गैरहाजिर मिले हैं, उड़ता आधा दिन का वेतन काटने, भविष्य में ऐसा न होने की चेतावनी देने और नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया है।

संबंधित समाचार