बरेली: शादी के दिन दूल्हा लापता, दुल्हन का रो-रो कर बुरा हाल
अमृत विचार, फरीदपुर। हाथों में मेहंदी और तन पर शादी का जोड़ा सजाए एक दुल्हन अपने सपने बुन रही थी। अपने भी बरात आने और दुल्हन का घर बसाने की तैयारियों में जुटे थे। हाथों की मेहंदी आंसुओं में बह गई और सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। शिक्षक भर्ती में चयन होने के …
अमृत विचार, फरीदपुर। हाथों में मेहंदी और तन पर शादी का जोड़ा सजाए एक दुल्हन अपने सपने बुन रही थी। अपने भी बरात आने और दुल्हन का घर बसाने की तैयारियों में जुटे थे। हाथों की मेहंदी आंसुओं में बह गई और सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। शिक्षक भर्ती में चयन होने के बाद दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। शादी वाले दिन बरात न आने की बात सुनकर लड़की पक्ष के पैरों तले जमीन खिसक गई। सभी तैयारियां धरी रह गई। लड़की के भाई ने बताया कि 69000 सहायक अध्यापक भर्ती में चयन होने के बाद लड़का अचानक गायब हो गया। बरात न आने से लड़की पक्ष को झटका लगा है। देर शाम तक पुलिस में शिकायत नहीं की गई।
नगर के मोहल्ला शांति नगर निवासी शिक्षक ने अपनी बहन की शादी गांव बसंतपुर, तहसील पुवायां, जिला शाहजहांपुर में तय की थी। लड़की के भाई ने बताया कि उन्होंने लड़के के बैंक खाते में दो लाख रुपये ट्रांसफर किये। रस्म के अनुसार, घरेलू सामान भी दिया। रस्म के समय लड़के के पांच बहनोई भी शामिल हुये। तिलक में लड़की के भाई ने लड़के को एक बाइक दी। लड़की की मां बीमार चल रही थी तो उनका निधन हो गया।
लड़की के भाई ने बताया कि रस्म के समय दो लाख में दो हजार रुपये कम होने की वजह से लड़के ने रस्म करने से इनकार कर दिया था। जब दो हजार रुपये पूरे हुए उसके बाद लड़का रस्म के लिये राजी हुआ। मंगलवार को बरात आनी थी। इसकी तैयारी लड़की के भाई ने क्षेत्र के एक मैरिज लॉन में की थी। सभी मेहमान आ चुके थे और उनकी मेहमान नवाजी चल रही थी। घर में गाना-बजाना हो रहा था कि लड़के के बहनोई ने फोन कर बताया कि लड़का बिना किसी को बताये घर से चला गया है। यह सुनकर लड़की के भाई के पैरों तले जमीन खिसक गई। गाना-बजाना और तैयारियां धरी रह गईं। रिश्तेदार बरात न आने की बात सुनकर सन्न रह गये। लड़की के भाई ने आरोप लगाया कि लड़के का 69000 सहायक अध्यापक भर्ती में चयन हो चुका है जिसका नियुक्ति पत्र दिसंबर में मिलने वाला है। इसके बाद से लड़का लापता हो गया। उनका कहना है कि नौकरी लगने के बाद लड़के का शादी करने का मन बदल गया है।
