बरेली: सिपाही से पिस्टल छीनकर भागा बदमाश, और फिर…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर थाने ले जा रही थी। इसी बीच आरोपी ने पुलिस की बाइक गिराकर सिपाही की पिस्टल छीन ली और भागने लगा। आरोपी के भागने की सूचना सिपाहियों ने थाने में दी। इसके बाद भुता थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच …

बरेली,अमृत विचार। नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर थाने ले जा रही थी। इसी बीच आरोपी ने पुलिस की बाइक गिराकर सिपाही की पिस्टल छीन ली और भागने लगा। आरोपी के भागने की सूचना सिपाहियों ने थाने में दी। इसके बाद भुता थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी के पैर में गोली मारने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से सरकारी पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए बदमाश के ऊपर पहले से ही आठ मामले दर्ज हैं। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है।

भुता थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 10 साल की लड़की मंगलवार शाम 5:30 बजे के करीब घर के पास ही लकड़ी लेने गई थी। इसी बीच बंजरिया गांव का रहने वाले प्रमोद कुमार पुत्र विजय उसे गन्ने के खेत में खींचकर ले गया। इसके बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गया। लड़की ने अपने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने बुधवार सुबह आरोपी को मुखबिर की सूचना पर पकड़ लिया। इसके बाद सिपाही जितिन कुमार और अशोक उसे बाइक पर बैठाकर थाने ले जा रहे थे। इसी बीच आरोपी बाइक को गिराकर जितिन कुमार की सरकारी पिस्टल छीनकर फरार हो गया। सिपाही ने इसकी सूचना थाने में दी तो हड़कंप मच गया।

इसके बाद भुता थाना प्रभारी वेदपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। थाना प्रभारी ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की तो एक गोली आरोपी के पैर में लगने से वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के पास से सरकारी पिस्टल और नौ कारतूस बरामद हुए हैं।

बड़े भाई के पेट में मारा था चाकू
किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म के आरोपी बदमाश ने अपने भाई को भी चाकू मारा था। भुता थाना क्षेत्र के ग्राम बंजरिया निवासी प्रमोद कुमार ने घरेलू विवाद के बाद रुपये के विवाद में बड़े भाई नरेश कुमार के पेट में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आरोप के खिलाफ हिमाचल प्रदेश, हाफिजगंज, भुता में आठ मामले दर्ज हैं।

रविवार को ही जेल से छूटकर आया था प्रमोद
पकड़ा गया आरोपी शातिर बदमाश है। पुलिस ने उसे पिछली बार एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बदमाश प्रमोद कुमार के खिलाफ भुता, क्योलड़िया और हाफिजगंज में लूट, हत्या, दुष्कर्म सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पिछले रविवार को ही जेल से छूटकर बाहर आया था। इसके बाद फिर से अपराध करने लगा।

“भुता पुलिस ने नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। बदमाश के खिलाफ कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।” -डा. संसार सिंह, एसपी देहात

संबंधित समाचार