लखीमपुर खीरी: गन्ना काट रही महिला पर तेंदुए का हमला...गंभीर रूप से घायल, रेंजर से भिड़े ग्रामीण

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

लखीमपुर खीरी/नकहा, अमृत विचार: थाना खीरी की ग्राम पंचायत सकेथू के मजरा डीहपुरवा में गन्ना काट रही एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया। हमले से ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। मौके पर पहुंचे शारदा नगर रेंजर से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर हालात संभाले।

मजरा डीहपुर निवासी मनोहर लाल की पुत्री, 40 वर्षीय मुन्नी देवी, हाल ही में बहराइच से अपने मायके आई थी। मुन्नी देवी गांव के ही अरुण वर्मा के खेत में मजदूरी पर गन्ना छीलने गई थी। उसके साथ करीब 20 से 25 अन्य लोग भी गन्ना छील रहे थे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह झुककर गन्ना काट रही थी। इसी बीच तेंदुआ गन्ने के खेत से निकलकर मुन्नी देवी पर झपटा। तेंदुए के हमले में मुन्नी देवी का चेहरा बुरी तरह लहूलुहान हो गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ मौके से भाग गया।

घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मुन्नी देवी को आनन-फानन में पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। इसी बीच मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रेंजर अभय मल्ल से ग्रामीणों की तीखी बहस होने लगी। बात इतनी बढ़ गई कि नौबत हाथापाई तक पहुंच गई, जिससे हालात काफी बिगड़ गए।

इसी बीच नायब तहसीलदार, खीरी प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय, सदर विधायक प्रतिनिधि सुमित वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता समेत तमाम लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। ग्रामीणों का कहना था कि कई दिनों से गन्ने के खेत में तेंदुआ देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी जा रही थी, इसके बावजूद वन कर्मियों ने ध्यान नहीं दिया। प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने बताया कि गंभीर रूप से घायल मुन्नी देवी को आनन-फानन में पहले जिला अस्पताल ले जाया गया था जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। कानून व्यवस्था को लेकर कोई समस्या नहीं है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

संबंधित समाचार