शाहजहांपुर: बकाया मानदेय न मिलने पर बिजली संविदा कर्मचारियों का भड़का गुस्सा, जमकर प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार: बकाया मानदेय दिलाने की मांग पूरी न होने पर शुक्रवार को बिजली संविदा कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, दोपहर बाद अधीक्षण अभियंता से वार्ता के बाद शनिवार को मानदेय मिलने के आश्वासन पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

बिजली संविदा मजदूर संगठन से जुड़े कर्मचारी शुक्रवार सुबह 11 बजे अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे और कार्य बहिष्कार की घोषणा करते हुए धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों में इस बात को लेकर नाराजगी थी कि होली का त्योहार बीत गया, फिर भी फरवरी माह का बकाया मानदेय नहीं मिला। कुछ कर्मचारियों को ईद भी मनानी है, लेकिन मानदेय न मिलने से आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।

मानदेय न मिलने के कारण घर खर्च तक चलाना मुश्किल हो रहा है, जिससे कई कर्मचारी उधार लेकर गुजारा कर रहे हैं। दोपहर करीब 4 बजे अधीक्षण अभियंता जेपी वर्मा ने कर्मचारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने शनिवार को सभी कर्मचारियों के खाते में भुगतान करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार खत्म कर धरना समाप्त कर दिया।

जिलाध्यक्ष मुनीश पाल ने कहा कि बिजली विभाग में 24 घंटे कार्य करने वाले संविदा कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। उनसे 12 से 16 घंटे तक काम लिया जा रहा है, लेकिन वेतन देने के नाम पर अधिकारी बहाने बना रहे हैं।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना, अशोक सक्सेना, रतन लाल, मो. रफी, विवेक सक्सेना, शकील अहमद, रीतराम, राजकमल, अफरोज खां, नन्हे लाल, सुशील कुमार, वीरेश कुमार, अरविंद कुमार, अरविंद दीक्षित, प्रमीत मिश्रा, राजेश कुमार सहित कई संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: लापता महिला का शव रेल लाइन किनारे मिला, शरीर पर मिले चोट के निशान

संबंधित समाचार