भारतीय पहलवान उदित 61 किग्रा के फाइनल में, दीपक पूनिया और मुकुल दहिया सेमीफाइनल में 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अम्मान (जोर्डन)। भारतीय पहलवान उदित ने रविवार को एशियाई चैंपियनशिप के पुरुषों के 61 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बनाकर स्वर्ण पदक की उम्मीद जगाई, जबकि अनुभवी दीपक पूनिया (92 किग्रा) और मुकुल दहिया (86 किग्रा) भी सेमीफाइनल में पहुंचे। उदित ने किर्गिस्तान के बेकबोलोट मिर्जानजार उलु को 9-6 से हराने के बाद चीन के वानहाओ झोउ को 2-0 से शिकस्त दी। 

पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे पूनिया ने बेकजात राखिमोव के खिलाफ कड़े मुकाबले में जीत के साथ वापसी की। पूनिया को किर्गिस्तान के प्रतिद्वंद्वी से कड़ी टक्कर मिली लेकिन वह क्वार्टर फाइनल में 12-7 से जीत दर्ज करने में सफल रहे। अब उनके और पदक के बीच जापान के ताकाशी इशिगुरो हैं। दहिया ने भी दो जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई। सिंगापुर के वेंग लुएन गैरी चाउ को दहिया ने बिना अंक गंवाए तकनीकी दक्षता के आधार पर हराने के बाद किर्गिस्तान के दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी मुहम्मद अब्दुल्लाव को 3-1 से शिकस्त दी। 

सेमीफाइनल में दहिया का मुकाबला ईरान के दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी अबुलफजल वाई रहमानी फिरौजाई से होगा। दिनेश भी हेवीवेट 125 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। भारतीय पहलवान ने तकनीकी दक्षता के आधार पर चीन के बुहीरदुन हराया। ​​हालांकि जयदीप अहलावत (74 किग्रा) को अपने शुरुआती मुकाबले में जापान के हिकारू ताकाता के खिलाफ 5-10 से हार का सामना करना पड़ा। 

ये भी पढे़ं: अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी टीम इंडिया, तीन वनडे-पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी...जानें पूरा शेड्यूल

संबंधित समाचार