मुरादाबाद: सास ने लिखवाई घरेलू हिंसा व मारपीट की रिपोर्ट तो साइकिल मिस्त्री ने कर ली आत्महत्या

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शेरूवा धर्मपुर में मौसा के घर आए युवक ने आत्महत्या कर ली। बुधवार को मौसा के मकान की ममटी की जाली में उसका शव झूलता मिला। पत्नी से विवाद के बाद युवक मंगलवार को मौसा के घर आया था। युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है।

थाना छजलैट क्षेत्र के दयनीयतपुर निवासी जयविंदर उर्फ जयकुमार साइकिल मिस्त्री था। उसके परिवार में पत्नी गंगावती, तीन बच्चे अंशु, निशा और दीपक हैं। परिजनों ने बताया कि जयविंदर शराब का आदी था। पत्नी गंगावती शराब पीने का विरोध करती थी। इसको लेकर दोनों में झगड़ा होता था। पत्नी ने हाल में ही शराब पीने का विरोध किया तो युवक ने उसकी पिटाई कर दी। इससे पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। इसकी जानकारी मायके वालों को हुई। मायके से सास शीला समेत कई लोग यहां पहुंच गए थे। उन्होंने घायल महिला को कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद सास शीला ने छजलैट थाने में युवक और उसके पिता अनूप सिंह के खिलाफ घरेलू हिंसा और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 

इसके बाद युवक घर से भाग गया। बीते मंगलवार को शेरूवा धर्मपुर निवासी मौसा पुखराज के मकान पर पहुंचा। उसने मौसा और मौसी संतरा से मामले को निपटा कर सब कुछ ठीक करने में उसकी मदद करने को कहा। मौसा और मौसी ने किसी के माध्यम से पत्नी गंगावती के परिजनों से बात कराई। वहीं परिजनों ने पहले महिला का इलाज हो जाने के बाद इस मामले में बात करने को कहा। इसके बाद जयविंदर घर में ही मौसा के पास सो गया। रात को किसी समय युवक उठा और मकान की छत पर पहुंच गया। यहां उसने जीने की ममटी पर बनी लोहे की जाली में मौसी की साड़ी का फंदा बनाकर गले में डाल दिया।

इसके बाद युवक फंदे पर झूल गया। बुधवार सुबह चारपाई से युवक को गायब देखकर मौसा हड़बड़ा गए। वह उसको खोजते हुए छत पर पहुंचे तो जयविंदर फंदे पर झूल रहा था इससे उनके होश उड़ गए। उन्होंने तभी परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक यूनिट ने फोटोग्राफी कर मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। युवक की मौत से उसकी पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

संबंधित समाचार