नवाज शरीफ ने संकटग्रस्त बलूचिस्तान के लिए 'राजनीतिक समाधान' का किया आह्वान
लाहौर। बलूचिस्तान में बड़े सैन्य अभियान की आशंका के बीच पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष नवाज शरीफ ने संकटग्रस्त प्रांत के लिए 'राजनीतिक समाधान' का आह्वान किया और इसके लिए सक्रिय भूमिका निभाने का वादा किया। शरीफ का यह बयान बुधवार को आया है जबकि एक दिन पहले सेना प्रमुख सैयद असीम मुनीर ने विदेशी निवेशकों को आश्वासन दिया कि पाकिस्तान खनिज समृद्ध बलूचिस्तान में बढ़ती अशांति के बीच उनके हितों की रक्षा के लिए मजबूत सुरक्षा प्रदान करेगा।
पीएमएल-एन नेता ने यहां जति उमरा स्थित अपने आवास पर नेशनल पार्टी के अध्यक्ष और बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. अब्दुल मलिक बलूच से मुलाकात के बाद मीडिया से बात की। इन दोनों नेताओं ने बलूचिस्तान की समग्र राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। शरीफ ने कहा कि वह बलूचिस्तान में शांति को बढ़ावा देने में अपनी राजनीतिक और लोकतांत्रिक भूमिका निभाएंगे। नवाज ने कहा, मैं बलूचिस्तान का दौरा करूंगा और वहां के नाराज लोगों से मिलूंगा। बलूचिस्तान का मुद्दा राजनीतिक है और इसे राजनीतिक तरीकों से ही सुलझाया जाना चाहिए।
अब्दुल मलिक ने कहा कि बलूचिस्तान की मौजूदा स्थिति को देखते हुए नवाज शरीफ की भूमिका महत्वपूर्ण है। ईरान और अफगानिस्तान की सीमा से सटा बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसक विद्रोह का गढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें : डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन आव्रजन लाभ प्रदान करने के लिए यहूदी विरोधी गतिविधियों की करेगा जांच
