सुलतानपुर: 10 लाख दहेज के लिए पत्नी को दिया तलाक, कर ली दूसरी शादी...मारपीट कर घर से निकाला
सुलतानपुर, अमृत विचार। दहेज की मांग को लेकर पहली पत्नी को प्रताड़ित किया और दहेज न मिलने पर घर से निकाल दिया। पहली पत्नी के मायके जाकर तलाक देकर दूसरी शादी कर ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। धम्मौर थाना क्षेत्र के लौहर दक्षिण गांव निवासी महिला आफरीन बानो पुत्री मो अयूब ने महिला थाने पर तहरीर दी है।
महिला ने बताया कि उसका निकाह इसी थाना क्षेत्र के बनकेपुर सरैया निवासी नूर मोहम्मद के साथ दिसंबर 2021 मुस्लिम रीतिरिवाज से हुआ था। निकाह के बाद से ही पति नूर मोहम्मद, ससुर एहसान उल्ला, सास सैयदा बानो व ननद शब्बो व रब्बो दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। इसी बीच उनकी एक बेटी हुई तो दहेज में चार पहिया वाहन व दस लाख रुपए मांगने लगे। दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थ होने पर उक्त लोगों ने मारपीट कर अप्रैल 2023 में कपड़े व आभूषण छीनकर घर से निकाल दिया। तब से वह मायके में रह रही थी। रिश्ता बचाने के लिए उसने कोई विधिक कार्रवाई नहीं की।
10 मार्च 2024 को उसके ससुराल वाले उसके मायके आए और कहा कि दहेज की डिमांड पूरी करो तभी तुम्हारी बेटी को ले जाएंगे। बातचीत चल रही थी कि तभी उसके पति ने उसे तलाक दे दिया और चला गया। मौजूदा समय में उसने दूसरा विवाह भी कर लिया है। महिला थाना प्रभारी निशा शुक्ला ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें- सुलतानपुर: गौरीगंज विधायक समेत 10 आरोपी विशेष कोर्ट में नहीं हुए पेश, अगली सुनवाई 6 मई को
