Moradabad : नगर आयुक्त की बड़ी कार्रवाई, उपनगर आयुक्त राजकिशोर प्रसाद को सभी दायित्वों से किया मुक्त...3 दिन में मांगा स्पष्टीकरण
नगर निगम के आधिकारिक ह्वाट्सएप ग्रुप में वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर पत्र किया था पोस्ट
उप नगर आयुक्त प्रथम राजकिशोर प्रसाद का फाइल फोटो।
मुरादाबाद,अमृत विचार। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने अनुशासनहीनता और सरकारी सेवक आचरण नियमावली के उल्लंघन के मामले में उप नगर आयुक्त प्रथम राजकिशोर प्रसाद पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सभी दायित्वों से मुक्त कर अपने कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। उनसे तीन दिन में नोटिस पर स्पष्टीकरण मांगा है। इसी के साथ सफाई गोदाम के प्रभारी को भी कार्यों में लापरवाही पर नोटिस देकर जवाब मांगा है।
पिछले दिनों उप नगर आयुक्त प्रथम राजकिशोर प्रसाद पर एक अतिक्रमण हटाने में मनमानी पर नगर आयुक्त ने उन्हें संपत्ति विभाग के कार्य दायित्व से मुक्त कर दिया था। अब उन पर फिर कार्रवाई हुई है। नगर आयुक्त ने उप नगर आयुक्त प्रथम के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार की सोशल मीडिया पॉलिसी व उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली के उल्लंघन पर कार्रवाई की है। आरोप है कि उपनगर आयुक्त प्रथम ने नगर निगम के आधिकारिक ह्वाट्सएप ग्रुप में वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति अशोभनीय और अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर एक पत्र पोस्ट किया। जो विभागीय शिष्टाचार व सरकारी नियमों के प्रतिकूल है। इस गंभीर अनुशासनहीनता को देखते हुए नगर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से उप नगर आयुक्त प्रथम राजकिशोर प्रसाद को सभी दायित्वों से मुक्त कर अपने कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। उनसे तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। यदि उत्तर संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी जाएगी।
वहीं दूसरी ओर नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई मशीनरी और संसाधनों का समुचित उपयोग न करने के मामले में सफाई गोदाम गुलाबबाड़ी के प्रभारी सुनील कुमार को नगर आयुक्त ने स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है। गोदाम में उपलब्ध मशीनरी का वर्तमान में चल रहे संचारी रोग अभियान में प्रयोग न करने को नगर आयुक्त ने घोर लापरवाही माना है। उनसे तीन दिन के अंदर नोटिस का जवाब मांगा है। अन्यथा उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी सेवक आचरण नियमावली का उल्लंघन गंभीर मामला है। उप नगर आयुक्त प्रथम राजकिशोर प्रसाद के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार की सोशल मीडिया पॉलिसी व उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली के उल्लंघन पर कार्रवाई की है। उन्हें सभी दायित्वों से मुक्त कर अपने कार्यालय से संबद्ध कर जवाब मांगा है। - दिव्यांशु पटेल, नगर आयुक्त
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : प्रदूषण से मुक्त होगी रामगंगा, 410 करोड़ की परियोजनाएं मंजूर
