किसान आंदोलन: प्रदर्शनकारी किसानों को दिल्ली में एंट्री की इजाजत, पुलिस भी रहेगी साथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। तीन कृषि कानूनों के विरोध में ‘दिल्ली चलो’ मार्च निकाल रहे पंजाब के किसानों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति मिल गई है। आज सुबह किसानों की सुरक्षाबलों के साथ झड़प के बाद पुलिस ने किसानों को दिल्ली के बुराड़ी में स्थित निरंकारी ग्राउंड में प्रदर्शन करने की इजाजत दी है। इस दौरान …

नई दिल्ली। तीन कृषि कानूनों के विरोध में ‘दिल्ली चलो’ मार्च निकाल रहे पंजाब के किसानों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति मिल गई है। आज सुबह किसानों की सुरक्षाबलों के साथ झड़प के बाद पुलिस ने किसानों को दिल्ली के बुराड़ी में स्थित निरंकारी ग्राउंड में प्रदर्शन करने की इजाजत दी है। इस दौरान किसानों को दिल्ली के किसी और इलाके में नहीं जा सकेंगे। निरंकारी ग्राउंड में प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के जवान किसानों के साथ रहेंगे।

क्रांतिकारी किसान यूनियन के अध्यक्ष दर्शन पाल ने कहा, ”हमें दिल्ली में दाखिल होने की अनुमति मिली हुई है।” उन्होंने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने उन्हें दिल्ली के बुराड़ी में एक स्थान पर प्रदर्शन करने की अनुमति दी थी।

बुराडी के विधायक ने किसानों को परेशानियां न होने देने का आग्रह किया
बुराड़ी से आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से मुलाकात कर अपने निर्वाचन क्षेत्र स्थित निरंकारी मैदान में केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को कोई परेशानी नहीं हो यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया। संजीव झा ने कहा कि उन्होंने किसान प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की है और उन्हें आश्वासन दिया है कि वह इस बात की पूरी कोशिश करेंगे कि प्रदर्शन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

किसानों के पूरी तरह से साथ है भाकियू: टिकैत
नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश सिंह टिकैत ने कहा है कि कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों से सरकार बातचीत करें तथा विवादित कानून को वापस लें। उन्होंने कहा कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी मान्यता दे तथा यह सुनिश्चित करे कि जिस फसल की जो न्यूनतम दर सरकार ने तय की है, उससे कम रेट पर कोई भी व्यापारी या मिल मालिक अनाज नहीं खरीदेगा। अगर उससे कम रेट पर किसानों से खरीदारी की जाती है तो क्रेता के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टिकैत ने फोन पर यह बताया कि किसान दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रहे हैं। हरियाणा, पंजाब के किसानों का भारतीय किसान यूनियन पूरी तरह से समर्थन कर रहा है तथा भाकियू आज उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर सड़क जाम कर प्रदर्शनरत किसानों का समर्थन करेगी।

दिल्ली जा रहे किसानों का रास्ता रोकना लोकतंत्र के खिलाफ: खालसा
मेहता/अमृतसर। दमदमी टकसाल के प्रमुख और संत समाज के प्रधान संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा ने कहा कि केंद्र सरकार के कृषी कानूनों का विरोध कर रहे किसानों को दिल्ली जाने से रोका जाना लोकतंत्र के खिलाफ है। ज्ञानी खालसा ने कहा कि दमदमी टकसाल किसान संघर्ष का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार के पास अपनी बात रखना या सरकारी नीतियों के ख़िलाफ़ रोष प्रदर्शन करना किसानों का लोकतांत्रिक हक है परन्तु यहां केंद्र सरकार किसानों के लोकतांत्रिक हक छीनने पर तुली हुई है।

संबंधित समाचार